निरसा में बड़े पैमाने पर कोयला तस्करी,चार हाइवा जब्त
AJ डेस्क: धनबाद के निरसा स्थित ECL के चापापुर आउटसोर्सिंग में कथित कोयला तस्करी का मामला सामने आया है। शीतलपुर CISF टीम ने रविवार शाम कार्रवाई करते हुए कोयला लदे चार हाइवा जब्त किए। ECL अधिकारी अजय कुमार झा ने बिना अनुमति वाहनों के प्रवेश पर सवाल उठाते हुए मिलीभगत की आशंका जताई है। अब जांच में यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि इस पूरे मामले के पीछे कौन है।
बताया जा रहा है कि चापापुर आउटसोर्सिंग क्षेत्र से पिछले कई दिनों से 10 चक्का हाइवा के जरिए कोयले की ढुलाई की जा रही थी। गुप्त सूचना मिलने के बाद CISF टीम ने मौके पर पहुंचकर चारों वाहनों को जब्त किया और उन्हें थाने ले गई।
ECL अधिकारी अजय कुमार झा के अनुसार, बिना अनुमति इतनी बड़ी गाड़ियों का दिनदहाड़े प्रवेश करना गंभीर सवाल खड़े करता है। उन्होंने मामले में मिलीभगत की आशंका जताई है।
वहीं, सूत्रों के हवाले से आउटसोर्सिंग के एक मैनेजर का नाम भी सामने आने की चर्चा है। हालांकि, उनकी भूमिका की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
अब जांच के बाद ही स्पष्ट होगा कि कोयले की ढुलाई वैध थी या अवैध और इस मामले में किन लोगों की भूमिका रही।
