केंदुआ के अलकुसा लोडिंग प्वाइंट पर वर्चस्व को लेकर चली गोलियां, पुलिस ने किया लाठी चार्ज
AJ डेस्क: कोयले में वर्चस्व को लेकर शनिवार को एक बार फिर धनबाद में दो गुट आमने सामने आ गए। इस दौरान जमकर पत्थरबाजी हुई। गोलियां भी चली। इसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने बवाल काट रहे लोगों पर हल्की लाठियां भांजी, जिसके बाद उपद्रव मचा रहे लोग मौके से हटे। फिलहाल पूरा इलाका पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया है।

जानकारी के अनुसार केंदुआडीह थाना क्षेत्र स्थित बीसीसीएल के अलकुसा लोडिंग पॉइंट पर डीओ होल्डर्स का कोयले का डीओ लगा हुआ था। जैसे ही गाड़िया कोयला लोडिंग के लिए वहाँ लगी वैसे ही कांग्रेस समर्थक वीरेंद्र पासवान और जनता मजदूर संघ समर्थक मुन्ना सिंह कोयला उठाव में वर्चस्व को लेकर आपस मे भीड़ गए। देखते ही देखते दोनों गुट के दर्जनों समर्थक आमने सामने आ गए। जिसके बाद दोनों गुट एक दूसरे पर पत्थरबाजी करने लगे। भय फैलाने के मकसद से हवा में गोलियां भी चलाई गई। पूरा क्षेत्र रणक्षेत्र में तब्दील हो गया।

सूचना पाकर केंदुआडीह थाना प्रभारी विनोद उरांव दलबल के साथ मौके पर पहुंचे। लोगों को शांत कराने की कोशिश की लेकिन उपद्रवी अड़े हुए थे। जिसके बाद पुलिस जवानों ने हल्की लाठियां भांजी। जिसके बाद लोग मौके से हटे। पुलिस ने मौके से एक खोखा बरामद किया है। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है।
‘अनल ज्योति’ के फेसबुक पेज से जुड़ने के लिए अभी इस लिंक पर क्लिक करके लाइक👍 का बटन दबाए…
https://www.facebook.com/analjyoti.in/?ti=as
Article पसंद आया तो इसे अभी शेयर करें…
