जज की हत्या : शक की सुई किधर घुमेगी पुलिसिया जांच में, समय के गर्भ में!
AJ डेस्क: माफिया नगरी के रूप में विख्यात धनबाद कोयलांचल में बुधवार को हुई एक न्यायाधीश की हत्या ने एक बार पुनः प्रमाणित कर दिया है कि धनबाद रियली माफियाओं की नगरी है। यहां के माफिया जब चाहें, किसी की भी सरेआम हत्या करवा सकते हैं। हत्यारों ने इस बार हत्या करने के लिए नायाब तरीके का इस्तेमाल किया। भारी भरकम महंगी गाड़ी के बजाय ऑटो रिक्शा का इस्तेमाल किया गया। वह भी चोरी के ऑटो रिक्शा से जज की हत्या की गई। हत्यारों ने इसे महज सड़क दुर्घटना प्रमाणित करने का प्रयास किया लेकिन CCTV में कैद तस्वीर ने उनकी योजना पर पानी फेर दिया।
जिस ऑटो रिक्शा से न्यायाधीश की हत्या हुई है। उस ऑटो का मालिक धनबाद के पाथरडीह में रहता है। ऑटो मालिक रामदेव लोहार ने बताया कि मंगलवार की रात उसके घर के सामने से ही ऑटो रिक्शा की चोरी हो गयी थी। बुधवार के दिन इसकी सूचना उसने स्थानीय पुलिस को दे दी थी। न्यायाधीश की हत्या के बाद हत्यारे ऑटो रिक्शा सहित पड़ोसी जिला गिरिडीह चले गए थे। धनबाद पुलिस ने गिरिडीह से ऑटो रिक्शा को जब्त किया। बताया जा रहा है कि पुलिस ने चोरी हुए ऑटो चालक गोपाल सहित तीन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। हालांकि अभी तक इसका आधिकारिक पुष्टि नही हो सका है।

धनबाद के जिला एवम सत्र न्यायाधीश (अष्टम) उत्तम आनंद की अदालत में कोयलांचल के चर्चित रंजय सिंह हत्या कांड की सुनवाई चल रही थी। रंजय धनबाद के चर्चित सिंह मेंशन घराना का करीबी था। जांच के दौरान पुलिस ने सिंह मेंशन के घोर विरोधी रघुकुल घराना की झरिया से कांग्रेस विधायक पूर्णिमा सिंह के मौसेरा देवर हर्ष सिंह को अप्राथमिकी अभियुक्त बनाया था। हर्ष सिंह फिलहाल जमानत पर बाहर है। इसके अलावा कोयलांचल में तेजी से उभर रहे रंगदार अमन सिंह के गुर्गों का हाल ही में इस अदालत ने जमानत अर्जी खारिज कर दिया था। कोयलांचल क्षेत्र के DIG मयूर पटेल ने कहा कि पुलिस की अलग अलग टीम हर बिंदुओं पर जांच कर रही है।
बता दें कि बुधवार सुबह 5.08 बजे न्यायधीश उत्तम आनंद को टक्कर मार दी गई। वह सुबह पांच बजे माॅर्निंग वाॅक पर निकले थे। घर से कुछ दूर पर ही वे खून से लथपथ मिले थे। करीब डेढ़ घंटे के बाद कुछ युवकों ने उन्हें SNMMCH पहुंचाया था। वहां इमरजेंसी में घंटे भर इलाज के बाद उन्हें सर्जिकल ICU में भर्ती किया गया और सुबह 9:30 बजे उनकी माैत हाे गई थी। जिसके बाद पुलिस को एक सीसीटीवी फुटेज हाथ लगी थी। जिसके बाद यह दुर्घटना हत्या में तब्दील हो गया।
