चाईबासा के हाट गम्हरिया में एक ही परिवार के चार सदस्यों की हत्या, मृतक में 6 साल का बच्चा भी
AJ डेस्क: पश्चिम सिंहभूम (चाईबासा) के हाटगम्हरिया में जमीन विवाद को लेकर एक ही परिवार के चार लोगों की हत्या का मामला सामने आया है। मृतकों में पति, पत्नी, देवर और 6 साल का बच्चा शामिल है। बताया जा रहा है कि जमीन विवाद को लेकर इस हत्याकांड को अंजाम दिया गया है।
यह वारदात हाटगम्हरिया थाना क्षेत्र के केंदपोसी में शुक्रवार देर रात को घटी। यहां अज्ञात हमलावरों ने घर में घुसकर कुल्हाड़ी से एक ही परिवार के चार लोगों का गला काट दिया। हमलावर इतने निर्दयी थे कि उन्होंने 6 साल के मासूम बच्चे को भी नहीं बख्सा। पुलिस ने शवों को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और जांच में जुट गई है।
घटना में ओनामुनी खंडाईत (26), उसकी पत्नी मानी (22 साल), 6 साल का बेटा मुगरू और भाई गोबरो की मौत हो गई। चारों की हत्या के बाद बदमाशों ने शव को गांव से दूर खेत में ले जाकर फेंक दिया और फरार हो गए। सुबह ग्रामीणों ने शव को देखकर पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस ने चारों शवों को खेत से बरामद कर अपने कब्जे में ले लिया। इसके बाद पोस्टमार्टम के लिए चाईबासा भेज दिया। वहीं दूसरी ओर इस हत्याकांड से इलाके में सनसनी फैल गई है। पुलिस ने इस मामले में दो लोगों को हिरासत में लिया है। हालांकि, पुलिस ने अभी इस मामले में कुछ भी कहने से इनकार कर दिया है। लेकिन बताया जा रहा है कि पुलिस मामले का जल्द ही खुलासा कर सकती है।
