धनबाद रेलवे स्टेशन रहा महिलाओं के हवाले, बखूबी निभाया जिम्मेवारी
AJ डेस्क: आठ मार्च यानी महिलाओं का दिन। आधी आबादी को समर्पित इस खास दिन को धनबाद रेल मंडल प्रबंधन ने अपने खास अंदाज में मनाया। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर धबाद रेलवे स्टेशन को महिलाओं के हवाले कर दिया गया था। इन्हीं के इशारे पर रेल गाड़ियों का परिचालन हुआ। महिला अधिकारियों और कर्मचारियों ने अपनी जिम्मेदारी बखूबी संभाला। स्टेशन मास्टर की कुर्सी, टिकट घर, कंट्रोल रूम, रूट रिले इंटरलॉकिंग बिल्डिंग से लेकर प्लेटफार्म की सुरक्षा तक सुब कुछ महिलाओं के नियंत्रण में था।

रेल प्रबंधन धनबाद के अधिकारियों ने इस संबंध में बताया कि आज अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर धनबाद रेल मंडल में महिला रेल कर्मियों ने अपनी भूमिका प्रदर्शित की। मंडल मुख्यालय के धनबाद स्टेशन के साथ-साथ विभिन्न स्टेशनों पर पदस्थापित महिला कर्मियों ने आज अपने कार्य का निष्पादन सफलतापूर्वक किया। धनबाद सिंदरी पैसेंजर ट्रेन में गार्ड दीपा कुमारी ने बखूबी अपने कर्तव्य का निर्वहन किया। धनबाद स्टेशन प्रबंधक के रूप में ट्रेनों के परिचालन का कमान सरिता जरी एवं ताया चटर्जी ने सफलतापूर्वक संभाला। टिकट बुकिंग के कार्य में रेखा कुमारी, संगीता कुमारी, निभा कुमारी, शिखा कुमारी आदि ने धनबाद स्टेशन पर अपने कार्य में काफी तत्पर दिखी।

वहीं धनबाद स्टेशन पर टिकट जांच दल के रूप में महिला टीटीई अंजुला टोप्पो, सुजाता प्रधान, सीमा कुजूर, आनंद बाला सहित बड़ी संख्या में महिला कर्मियों ने हिस्सा लिया। रेलवे सुरक्षा बल की महिला कर्मियों ने भी सुरक्षा के कार्य में अपना योगदान विशेष रूप से दिया। इस प्रकार पूछताछ कार्यालय, पार्सल कार्यालय, रिटायरिंग रूम बुकिंग, साफ-सफाई आदि जगहों पर भी महिला कर्मियों ने बढ़ चढ़कर हिस्सा लिया।
