घरेलू विवाद में पत्नी का गला रेत खुद मौत को गले लगा लिया
AJ डेस्क: पति-पत्नी के बीच हुए मामूली विवाद ने इतना भयानक रूप ले लिया कि आक्रोशित पति ने चाकू से पत्नी का गला ही काट दिया। इसके बाद खुद का गला भी रेत लिया। घटना के बाद परिवार के लोग दोनों को लेकर पीएमसीएच गए। जहां रास्ते मे ही पति ने दम तोड़ दिया, जबकि पत्नी का इलाज के दौरान मौत हो गई। मामला जहानाबाद के रतनी फरीदपुर प्रखंड की पंडौल पंचायत के बंधु बीघा गांव का है।
जानकारी के अनुसार शकुराबाद थाना क्षेत्र के बंधुबीघा गांव में आपसी कलह में पति ने धारदर हथियार से पत्नी का गला काट दिया। इसके बाद अपना भी गला काट लिया। दोनों को गंभीर हालत में स्वजनों ने ग्रामीणों के सहयोग से सदर अस्पताल जहानाबाद में भर्ती कराया। वहां से प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को पीएमसीएच रेफर कर दिया गया। पटना ले जाने के क्रम में पति अजीत यादव उर्फ भोला की मौत हो गई। जबकि पीएमसीएच में इलाज के दौरान पत्नी संगीता देवी की मौत हो गई।

डेढ़ साल पहले 25 वर्षीय भोला और 20 वर्षीय संगीता का विवाह हुआ था। दो दिन पहले भोला ससुराल से गौना करा कर अपनी पत्नी को लाया था। बताया जाता है कि ससुराल के किसी बात को लेकर पति-पत्नी में पिछले सात दिनों से विवाद चल रहा था। रविवार की रात 12:00 बजे विवाद बढ़ गया, जिसके बाद भोला ने घर मे रखे धारदार हथियार से पत्नी का गला रेत दिया, उसके तुरंत बाद अपना भी गला रेत लिया। शोर सुनकर घरवाले जागे। दोनों को आनन-फानन में इलाज के लिए अस्पताल लेकर गए। गला काटे जाने से दोनों का काफी खून बह चुका था। संगीता का मायका परस बीघा थाना के योगा बीघा गांव में था। घटना से परिवार में मातम पसर गया है। स्वजनों का कहना है कि किसी बात पर ससुराल वालों से विवाद चल रहा था। उसी विवाद में यह घटना हुई है। सूचना मिलते ही शकूराबाद पुलिस मौके पर पहुंच मामले की तफ्तीश में जुट गई है।
