कुर्की जब्ती: रंगबाज प्रिंस का घर नोच डाला धनबाद पुलिस ने, कहीं से “चूं” की आवाज नहीं आई
AJ डेस्क: कहते हैं पुलिस जब अपने पर उतर जाती है तो ——-। गैंगस्टर के लिए विख्यात वासेपुर में आज धनबाद पुलिस ने ऐसा ही कुछ कर दिखाया। नन्हें हत्याकांड के बाद खुद भागा फिरा चल रहा प्रिंस भाड़े के गुर्गों से जहां तहां गोली चलवा अपना अस्तित्व बचाने की लड़ाई लड़ रहा है। आज धनबाद पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर प्रिंस खान के घर को नोच (कुर्की जब्ती) डाला। सुरक्षा का पुख्ता इंतजाम था, कहीं से चूं तक की आवाज नहीं निकली। खुद को छोटे सरकार घोषित करने वाले के एक भी शुभ चिंतक वहां फटकते भी नजर नहीं आए।
धनबाद पुलिस के भय से भागा फिर रहा प्रिंस खान बीच बीच में वीडियो वायरल कर खुद को छोटे सरकार घोषित करते हुए अलग अलग पोज देकर किसी तरह अपना वजूद जिंदा रखने की लड़ाई लड़ रहा है। कुछेक हजार रुपए देकर भाड़े के गुर्गों से व्यापारियों, ठेकेदार के घरों के बाहर फायरिंग करवा अपना माहौल बनाने या झटका पर बतौर रंगदारी कुछ भी राशि हासिल करने का प्रयास कर रहा है।
धनबाद के वरीय पुलिस अधीक्षक संजीव कुमार ने इस नए रंगबाज गिरोह का खात्मा करने की रणनीति बनाया। प्रिंस के अनेक गुर्गे सलाखों के पीछे चले गए। रणनीति का अगला स्टेप कुर्की जब्ती के रूप में दिखा। पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय वन) अमर कुमार पांडे और बैंक मोड़ थाना प्रभारी सह इंस्पेक्टर पी के सिंह के नेतृत्व में आज प्रिंस खान के घर की कुर्की जब्ती हुई। पुलिस ने दरवाजा, खिड़की उखाड़ा ही। फ्रीज, AC, बर्तन, बिछावन तक कुर्क कर लिया। यूं कहा जा सकता है कि पुलिस ने सब कुछ नोच लिया। प्रिंस के घर से रुपया गिनने वाली मशीन भी जब्त हुई है। यह अलग से जांच का विषय है। SP (ग्रामीण) रिषमा रमेशन ने बताया कि जब्त किए गए सामानों की सूची बनाई जा रही है।
SSP संजीव कुमार ने धनबाद को अशांत करने का प्रयास करने वाले अमन सिंह गिरोह का कमर तोड़ने के बाद मानो अब प्रिंस एंड कंपनी को भी ठंडा करने का अभियान शुरू कर दिया है।
