अरूप चटर्जी और मैनेजर राय के ठिकानों पर पुलिस का रेड
AJ डेस्क: रांची से प्रसारित एक निजी चैनल से जुड़े अरूप चटर्जी और कोल कारोबारी मैनेजर राय के अलग अलग ठिकानों पर एक साथ पुलिस ने रेड मारा है। पुलिस इनके ठिकानों पर कागज खंगाल रही है। यहां बता दें कि अरूप चटर्जी और मैनेजर राय दोनों अभी धनबाद जेल में बंद हैं।
धनबाद पुलिस की अलग अलग टीम मैनेजर राय के मुगमा स्थित घर और उनके होटल की घेराबंदी कर छापामारी कर रही है। वहीं अरूप चटर्जी के रांची स्थित आवास और न्यूज चैनल के दफ्तर में भी पुलिस का रेड चल रहा है। छापेमारी में पुलिस के हाथ क्या लगा है, यह अब तक सामने नहीं आया है। पुलिस किसी भी बाहरी आदमी के आने जाने पर पाबंदी लगाए हुए है।

धनबाद के एक कोल कारोबारी के द्वारा गोबिंदपुर थाना में अरूप चटर्जी और मैनेजर राय के खिलाफ केस दर्ज कराया गया था। जिसमे दोनो की गिरफ्तारी हुई थी। हालांकि अरूप चटर्जी को उस केस में हाई कोर्ट से बेल मिल गया था लेकिन एक अन्य केस के कारण उसे जेल से रिहाई नही मिल सकी।
धनबाद पुलिस ने कोर्ट से सर्च वारंट प्राप्त कर दंडाधिकारी के नेतृत्व में अरूप चटर्जी और मैनेजर राय के ठिकानों पर छापामारी कर रही है। समाचार लिखे जाने तक छापामारी जारी है।
