बोकारो : बांधडीह मध्य विद्यालय पर गिरा आकाशीय बिजली, 30 बच्चे जख्मी, हुए अस्पताल में भर्ती
AJ डेस्क: बोकारो में शनिवार दोपहर स्कूल के बरामदे में आकाशीय बिजली गिर गई। वहां पढ़ रहे 30 स्टूडेंट घायल हो गए। सभी छात्रों को इलाज के लिए जैनामोड़ रेफरल अस्पताल लाया गया। यहां गंभीर अवस्था में घायल चौथी कक्षा की छात्रा डॉली परवीन को बोकारो जनरल अस्पताल बेहतर इलाज के लिए ले जाया गया।
मौके पर पहुंचे बोकारो के सिविल सर्जन डॉ. अभय भूषण प्रसाद ने बताया कि एक बच्ची गंभीर रूप से घायल है। घटना के बाद बच्चे काफी डर गए हैं। घटना की जानकारी मिलते ही शिक्षा मंत्री जगरनाथ महतो रांची से घटना स्थल के लिए निकल गए है। शशिभूषण महतो ने बताया कि वर्ष 2004 में विद्यालय में लाइटनिंग रॉड (तड़ित चालक) लगाया गया था। वे खुद 1 जून 2021 से विद्यालय के चार्ज में है, लेकिन जब उन्हें विद्यालय हैंडओवर दिया गया तो उसमें तड़ित चालक का जिक्र नहीं था। स्थानीय लोगों के मुताबिक विद्यालय में तड़ित चालक की चोरी हो गई है।

घटना जिले के जैनामोड़ स्थित मध्य विद्यालय बांधडीह का है। स्कूल के प्रधानाध्यापक शशिभूषण महतो के मुताबिक घटना दोपहर 12:30 बजे की है। घटना के समय हल्की बारिश हो रही थी। इसी दौरान कक्षा एक और दो के बरामदे में बिजली गिरी। बच्चे इस घटना से डर कर चिल्लाने लगए। आनन-फानन में बच्चों को उठाते हुए जैनामोड़ सदर अस्पताल पहुंचाया गया। तेज झटका लगने की वजह से छात्र घायल हुए हैं। उसके बाद इसकी जानकारी सीनियर अफसरों को भी दी गई।
