दर्दनाक हादसा : रांची में तिरंगा फहराते करंट की चपेट में आकर तीन की मौत
AJ डेस्क: कांके थाना क्षेत्र के अरसंडे राइस मिल के पास दर्दनाक हादसा हुआ। करंट लगने से तीन भाई-बहनों की मौत हो गई। ये तीनों घर की छत पर तिरंगा लगा रहे थे। मृतकों में शिव कुमार झा का 23 वर्षीय बेटा विनीत कुमार झा, बेटी 25 वर्षीय पूजा झा और विनीत की चचेरी बहन 24 वर्षीय आरती झा शामिल हैं। परिजनों के मुताबिक शाम में बारिश हो रही थी। इन्होंने स्टील के पाइप में तिरंगे को बांधा था। जब ये छत पर तिरंगा लगा रहे थे, तभी पाइप पास से गुजर रहे 11 हजार वोल्ट वाले तार के संपर्क में आ गया।
इससे विनीत पाइप में चिपक गया। बहनें उसे छुड़ाने गईं तो उन्हें भी तेज झटका लगा और वे गिर गईं। चीख-पुकार सुनकर परिजन भागते हुए छत पर पहुंचे। तत्काल बिजली विभाग को सूचना दी। दोनों बहनों को तुरंत जनरल अस्पताल ले जाया गया, जहां दोनों की मौत हो गई। घटना के करीब एक घंटे बाद पुलिस वहां पहुंची। देर रात तक परिजनों ने शव को हटाने नहीं दिया था। वे लोग मुख्यमंत्री और डीसी को मौके पर बुलाने की मांग पर अड़े थे।
परिजनों का कहना है कि इस क्षेत्र में कई घरों से सटते हुए 11 हजार वोल्ट का तार गुजर रहा है। इसे हटाने के लिए कई बार बिजली विभाग को आवेदन दिया, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। अगर पहले इस तार को हटा दिया होता तो यह घटना नहीं होती।
