खुलासा : आनंद की हत्या दोस्तों ने की, अयोध्या से एक पकड़ाया
AJ डेस्क: धनबाद के तीसरा थाना क्षेत्र में हुई बहुचर्चित आंनद वर्मा हत्याकांड की गुत्थी पुलिस ने सुलझा लेने का दावा किया है। पुलिस ने इस मामले में एक व्यक्ति को भी गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आनंद की हत्या उसके दो दोस्तों ने ही कि थी। जिसमे से एक ने बाद में खुद को दोषी मान आत्महत्या कर लिया और दूसरा पकड़ा गया है।
इस संबंध में धनबाद एसएसपी संजीव कुमार ने मंगलवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस कर जानकारी देते हुए कहा कि 21 मार्च को आनंद वर्मा अपने घर से लापता हो गया था। इसके बाद उसके घरवालों ने पुलिस को इसकी सूचना दी थी। जिसके बाद पुलिस ने एक मिसिंग रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दिया था। इसी बीच तीन अप्रैल को तीसरा थाना क्षेत्र के एक बंद कोयला खदान से पुलिस ने सड़ी-गली हालात में एक शव बरामद किया था। इसके बाद मृतक के कपड़ो और उसके पाव में लगे रॉड के आधार पर उसकी शिनाख्त आनंद वर्मा के रूप में की गई। इसके बाद जांच में पता चला कि इसकी हत्या दो लोगो ने मिलकर की थी। जिसमें से एक का नाम डोमा भुइयां जिसे पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है और दूसरा सूरज भुइयां जिसने 31 मार्च को आत्महत्या कर लिया था। ये तीनो दोस्त थे।
एसएसपी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपित ने पूछताछ में यह कबूल किया है कि ये तीनो कोयला चोरी करने निकले थे। इसी क्रम में ये सभी नशा कर रहे थे। इसी दौरान मृतक आनंद और इन दोनों के बीच पहले दोस्ती में ही कहा सुनी हुई। फिर मामला बढ़ गया और इनके बीच मारपीट शुरू हो गई। इसी दौरान एक ने आनंद के सिर पर पत्थर से वार कर दिया। जिससे आनंद वही गिर गया। इसके बाद दोनों आरोपितों ने पुलिस से बचने के लिए आंनद की लाश को कोयला खदान में गिरा दिया। इसके बाद कोयला खदान में जाकर शव को खदान के 15 फीट भीतर छिपा दिया।
इसके बाद सूरज भुइयां ने इस बात की चर्चा अपने घर वालो से की। इसके बाद उसने खुद को दोषी मानते हुए आत्महत्या कर ली। जबकि डोमा भुइयां भागकर अयोध्या चला गया था। जहाँ से पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर धनबाद ले आई है।
