झारखंड में नगर निकाय चुनाव की घोषणा, 23 को वोटिंग और 27 को काउंटिंग
AJ डेस्क: झारखंड में नगर निकाय चुनाव की घोषणा कर दी गई है। झारखंड में नगर निकाय चुनाव के लिए मतदान 23 फरवरी को होगा जबकि मतगणना 27 फरवरी को होगी। राज्य निर्वाचन आयुक्त अलका तिवारी ने बताया कि नॉमिनेशन करने की प्रक्रिया 29 जनवरी से 4 फरवरी तक रहेगी। नॉमिनेशन वापस लेने की आखिरी तारीख 6 फरवरी हैं, वहीं 7 फरवरी को निर्वाचन चिन्ह आवंटित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि 23 फरवरी को वोटिंग सुबह 7 से शाम 5 बजे तक होगी, इसके अलावा मतगणना 27 फरवरी होगी। बता दें कि आज से सभी 48 नगर निकाय क्षेत्रों में आदर्श आचार संहिता लागू हो जाएगी। राज्य के नगर निकाय चुनाव को लेकर राजनीतिक दलों में तैयारी तेज हो गई है। निर्वाचन आयोग के अनुसार इस बार नोटा का प्रावधान नहीं है और चुनाव बैलेट पेपर से होगा। राज्य में प्रस्तावित नगर निकाय चुनाव को लेकर मतदाता आंकड़े भी सामने आ गए हैं। निर्वाचन आयोग के अनुसार, कुल मतदाता संख्या 43 लाख 23 हजार 574 है, जिनमें से 21 लाख 16 हजार 227 महिला मतदाता हैं। राज्य में कुल 48 नगर निकाय हैं, जिनमें 9 नगर निगम और 19 नगर पंचायत शामिल हैं।
