दुस्साहस: ” सिंह मेंशन” पर बमबारी,आधी रात को धमाका कर भागे अपराधी

AJ डेस्क: धनबाद के चर्चित सिंह मेंशन पर रविवार देर रात बम फेंके जाने की घटना से इलाके में दहशत फैल गई है। घटना के समय पूर्व विधायक सह झरिया विधायक रागिनी सिंह के पति संजीव सिंह अपने परिवार के साथ आवास के ही बाहर बैठे थे। गनीमत रही कि समय रहते सभी लोग सुरक्षित अंदर चले गए जिससे कोई हताहत नहीं हुआ। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।सोमवार को मीडिया से बातचीत में झरिया से भाजपा विधायक रागिनी सिंह ने कहा कि रात करीब 11:30 बजे वे और उनके पति परिवार के साथ बाहर बैठे थे। कुछ देर बाद जैसे ही वे घर के अंदर गए उसी दौरान किसी अज्ञात व्यक्ति ने परिसर की ओर विस्फोटक फेंक दिया। अचानक तेज रोशनी के साथ धूलनुमा पदार्थ फैल गया। बाद में जानकारी मिली कि यह बम था। उन्होंने बताया कि घटना की सूचना तत्काल जिले के एसएसपी को दी गई। सूचना मिलते ही सिटी एसपी, ग्रामीण एसपी समेत कई अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने पूरे परिसर की घेराबंदी कर तलाशी अभियान चलाया और साक्ष्य जुटाए।

 

झरिया विधायक रागिनी सिंह ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि बमबाजी अब सिर्फ एक घर की नहीं, बल्कि पूरे धनबाद जिले की समस्या बनती जा रही है। आए दिन इस तरह की घटनाओं से आम लोगों में भय का माहौल बन रहा है। उन्होंने कहा कि बमबाजी कर डराने की कोशिश करने वालों की साजिश कभी सफल नहीं होगी। जनहित में काम करने वालों को इस तरह की हरकतों से रोका नहीं जा सकता। रागिनी सिंह ने यह भी कहा कि लंबे समय बाद संजीव सिंह धनबाद के मुद्दों पर सक्रिय हुए हैं, संभव है यह कुछ लोगों को खटक रहा हो। उन्होंने प्रशासन से निष्पक्ष जांच कर दोषियों की जल्द पहचान कर कड़ी कार्रवाई की मांग की।

 

घटना के संबंध में धनबाद के सिटी एसपी ऋतिक श्रीवास्तव ने बताया कि देर रात करीब 11:45 बजे सिंह मेंशन में अज्ञात अपराधियों द्वारा दो देशी बम जिसमे से एक आवास के अंदर और एक आवास के बाहर फेंका गया। प्रथम दृष्टया मामला दहशत फैलाने का प्रतीत होता है। उन्होंने कहा यदि जानमाल को नुकसान पहुंचाने की मंशा होती तो विस्फोटक में और घातक सामग्री होती। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और अलग-अलग स्थानों पर जांच की जा रही है। वहीं उन्होंने वायरल लेटर को लेकर कहा कि अप्रमाणित पत्र को अधिक तवज्जो देने की जरूरत नहीं है। यदि उसमें कोई सच्चाई होगी तो जांच में सामने आ जाएगी। उन्होंने कहा कि मामले की जांच के लिए दो टीमें गठित की गई हैं और जल्द ही सच्चाई सामने लाई जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Translate »