लोयाबाद में गैस सिलेंडर लदा ट्रक पलटा, रिसाव होने से मची भगदड़
AJ डेस्क: धनबाद के लोयाबाद थाना क्षेत्र अंतर्गत सेंद्रा पंजाबी मोड़ के समीप रविवार को धनबाद कतरास मुख्य मार्ग पर सीएनजी गैस सिलिंडर लदा एक ट्रक संख्या बीआर 01 जीके 5402 अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे के बाद मुख्य मार्ग पर जाम की स्थिति बन गई। वहीं ट्रक पलटने से गैस का रिसाव होने लगा। जिससे आस पास भगदड़ मच गई। पूरे क्षेत्र में भय का माहौल उत्पन्न हो गया।
सूचना पाकर स्थानीय पुलिस व अग्निशमन विभाग मौके पर पहुंची। पुलिस ने एहतियातन उक्त सड़क पर वाहनो का आवागमन को रोक दिया। वहीं इस घटना में ट्रक का ड्राइवर गम्भीर रूप से घायल हो गया था। जिसे इलाज के लिए पहले स्थानीय अस्पताल ले जाया गया। जहाँ प्राथमिक इलाज के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए धनबाद स्थित एसएनएमएमसीएच रेफर कर दिया।
