भू धसान की चपेट में आया एक मकान, तीन हुए जख्मी
AJ डेस्क: धनबाद में एक बार फिर भूधसान की घटना हुई है। जिसमे एक मंदिर और एक मकान समेत घर में सो रहे एक ही परिवार के तीन लोग धरती में समा गए। गनीमत रही कि स्थानीय लोगों के प्रयास से तीनों को जिंदा धरती के गर्भ से निकाल लिया गया। फिलहाल तीनो व्यक्ति अस्पताल में इलाजरत है। जहाँ उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।

घटना सिजुआ के 11 नंबर जोगता का है। जहां बारिश के दौरान एक घर जमींदोज हो गया। जिसमें पिता और उसके दो पुत्र बाल-बाल बच गए। घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि घर के अंदर पिता और उसके दो पुत्र सो रहे थे। इसी दौरान तेज आवाज के साथ जमीन फट गई और घर सहित वे तीनों जमीन में समा गए। जिसके बाद बड़ी मसक्कत के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों ने तीनों को धरती के गर्भ से बाहर निकाला। फिलहाल तीनों का इलाज एसएनएमएमसीएच में चल रहा है। घटना सोमवार की देर रात करीब 2:30 से 3:00 के बीच की है।

इस घटना में घायल लोगों का नाम श्याम बहादुर भुइयां और उसके दो पुत्र 14 वर्षीय अरुण और 9 वर्षीय तरुण है। लोगों की माने तो आसपास के इलाके में करीब 200 लोगों की आबादी है। जिनके ऊपर हमेशा भूधसान का खतरा मंडराता रहता है।
