आंध्र प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री चंद्र बाबू नायडू को CID ने किया गिरफ्तार

AJ डेस्क: आज सुबह कौशल विकास निगम घोटाले (Skill Development Scam) के मामले में आंध्र प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू को CID ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने कहा कि आंध्र प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और तेलुगु देशम पार्टी (TDP) के प्रमुख चंद्रबाबू नायडू को कथित भ्रष्टाचार के एक मामले में शनिवार सुबह गिरफ्तार किया गया है।
गिरफ्तारी आज सुबह लगभग 6 बजे हुई। सीआईडी ने पूर्व मुख्यमंत्री को नंदयाला शहर में स्थित ज्ञानपुरम के आर के फंक्शन हॉल में हिरासत में लिया। नायडू को दिए गए नोटिस में सीआईडी की आर्थिक अपराध शाखा (EOW) ने कहा है कि आपको सूचित किया जाता है कि आपको गिरफ्तार कर लिया गया है। यह एक गैर-जमानती अपराध है।
नोटिस के अनुसार, आंध्र प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री को आईपीसी की धाराओं के तहत गिरफ्तार किया गया है। जिसमें धारा 120बी (आपराधिक साजिश), 420 (धोखाधड़ी और बेईमानी से संपत्ति की डिलीवरी के लिए प्रेरित करना) और 465 (जालसाजी) शामिल हैं। आंध्र प्रदेश सीआईडी ने उनके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम भी लगाया है। नोटिस सीआरपीसी धारा 50 (1) (2) के तहत दिया गया था।
मालूम हो कि कौशल विकास मामले में सीआईडी की ओर से चंद्रबाबू नायडू की गिरफ्तारी के बाद कई टीडीपी नेताओं को भी नजरबंद कर दिया गया है। इस पूरे मामले में चंद्रबाबू नायडू को आरोपी नंबर एक बताया गया है। उन पर भ्रष्टाचार और राज्य को हिलाकर रख देने वाले इस घोटाले में कैबिनेट को गुमराह करने का भी आरोप है।