समाहरणालय संवर्ग के कर्मचारियों का हड़ताल तीसरे दिन भी जारी
AJ डेस्क: नौ सूत्री मांगों को लेकर झारखंड राज्य अनुसचिवीय कर्मचारी संघ के आह्वान पर घोषित अनिश्चितकालीन हड़ताल के मद्देनजर धनबाद जिला अनुसचिवीय कर्मचारी संघ का आज तीसरे दिन भी हड़ताल जारी रहा। हड़ताल के कारण समाहरणालय, अनुमंडल कार्यालय, सभी अंचल एवं प्रखंड कार्यालय में कार्य पूर्णतः बाधित रहा। हड़ताल पर गए संघ के लोगों ने बताया कि राज्य सरकार द्वारा जब तक उनकी मांगे नहीं मान ली जाती है तब तक उनकी हड़ताल यूं जारी रहेगा।
वहीं आज अपनी मांगों के समर्थन में संघ के सदस्य झरिया विधायक पूर्णिमा नीरज सिंह से उनके निजी आवास पर मिल उन्हें इस संबंध में ज्ञापन सौंपा। साथ ही इस संबंध में उनसे हाई पावर कमेटी द्वारा की गई अनुशंसा को लागू करने के लिए 26 जुलाई 2024 से शुरू हो रहे विधानसभा सत्र के दौरान प्रश्न उठाने का अनुरोध भी किया। जिसपर विधायक द्वारा आज ही विधानसभा में प्रश्न डाल देने का विश्वास दिलाते हुए उन्हें आश्वासन दिया गया।
