टाटा स्टील के झरिया डिवीजन ने सतर्कता जागरूकता सप्ताह मनाया
AJ डेस्क: टाटा स्टील के झरिया डिवीजन ने आज अपने कर्मचारियों में ईमानदारी और सतर्कता को प्रोत्साहित करने के लिए सतर्कता जागरूकता सप्ताह की शुरुआत की।
इस सप्ताह का आगाज एक जागरूकता सत्र से हुआ, जिसका उद्घाटन टाटा स्टील, झरिया डिवीजन के जेनरल मैनेजर संजय राजोरिया ने जामाडोबा स्थित जेआरडी टाटा ऑडिटोरियम में किया। सत्र में कई कर्मचारियों और अधिकारियों ने भाग लिया, जिन्होंने “मेरी सत्यनिष्ठा, मेरा अभिमान” थीम के अनुरूप दैनिक कार्यों में सतर्कता के महत्व को समझा। संजय राजोरिया ने सभी कर्मचारियों से सतर्कता को साझा जिम्मेदारी के रूप में देखने की अपील की, ताकि प्रक्रियाओं का आलोचनात्मक विश्लेषण हो सके और नैतिकता के साथ कार्य निष्पादन को बढ़ावा मिले। उन्होंने एक नैतिक कार्यस्थल के निर्माण में यूनियन की भूमिका की भी सराहना की।
सौरव कुमार खेमका, हेड (विजिलेंस), टाटा स्टील ने कंपनी की प्रगति पर प्रकाश डाला, जबकि संतोष कुमार महतो, क्षेत्रीय सचिव, आरसीएमयू, ने कार्यस्थल के अंदर और बाहर जिम्मेदार व्यवहार अपनाने का संदेश दिया। इस सत्र का समापन एक प्रश्नोत्तर सत्र के साथ हुआ।
सतर्कता जागरूकता सप्ताह, जो 28 अक्टूबर से 3 नवंबर तक मनाया जा रहा है, जिसका उद्देश्य नैतिक आचरण और ईमानदारी को बढ़ावा देना है। यह भ्रष्टाचार की रोकथाम, पारदर्शिता और जवाबदेही को प्रोत्साहित करने के लिए जागरूकता फैलाने का प्रयास है। इस सप्ताह का आयोजन सरदार वल्लभभाई पटेल (31 अक्टूबर) की जयंती के अवसर पर किया जाता है, जो अपनी ईमानदारी के लिए प्रसिद्ध हैं।
