झरिया विधायक के कार्यालय पर गोली चली, शशि, हर्ष और एकलव्य के खिलाफ थाना में लिखित शिकायत
AJ डेस्क: विगत 14 वर्षों से कानून के नजर में फरार, इनामी, कोयला व्यवसायी सुरेश हत्याकांड का मुख्य अभियुक्त, रामाधीर के बेटे शशि सिंह को आज झरिया में देखा गया। वो भी उनकी ही भाभी रागिनी सिंह के झरिया कतरास मोड़ स्थित कार्यालय में। वो भी हथियार के साथ। इतना ही नही बताया जा रहा है कि उनके पुराने कार्यालय पर शशि ने बंदूक से कई राउंड फायरिंग भी की। इसका एक सीसीटीवी फुटेज भी झरिया विधायक ने मीडिया को उपलब्ध कराया है।
इस संबंध में झरिया विधायक रागिनी सिंह ने कतरास मोड़ स्थित अपने कार्यालय में आज एक प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बताया कि वो पहले से कहती आ रही है कि कुछ लोगों द्वारा उनकी हत्या की साजिश रची जा रही है। जिसका सबूत भी आज सामने आ गया है। उन्होंने आगे बताया कि आज उनका झरिया विधानसभा में दौरा था। जिसकी जानकारी सभी को थी। वहीं उन्हें सुबह आठ बजे खबर मिली कि कोई दो लोग हथियार के साथ उनके कार्यालय में घुसे थे। कार्यालय में जब उन्हें कोई नही दिखा तो वे दोनों कार्यालय से बाहर निकल कर उनके पुराने कार्यालय के गेट पर फायरिंग की। जिसका निशान भी दिख रहा है।
उन्होंने कहा कि फुटेज में रामाधीर सिंह के पुत्र शशि सिंह जो कोयला व्यवसायी सुरेश सिंह हत्याकांड में पिछले 14 वर्षों से कानून की नजर में फरार है, उनपर सरकार ने इनाम भी घोषित कर रखा है और उनके साथ नवीन सिंह उर्फ रतीश भी दिख रहा है। ये लोग हाथों में कपड़े से ढक कर रिवाल्वर लिए हुए थे। ये सभी पहले कार्यालय में घुसकर इधर उधर का मुआयना किया, जब कोई नही दिखा तो ये बाहर निकले। बाहर में इनके साथ पूर्व विधायक पूर्णिमा नीरज सिंह के परिजन एकलव्य सिंह और हर्ष सिंह भी मौजूद थे। उन्होंने बताया कि इसके बाद वे सड़क के दूसरी तरफ बंद पड़े उनके पुराने कार्यालय के पास जाकर वहां फायरिंग की। जिसका दाग कार्यालय के गेट और दीवार पर साफ-साफ दिख रहा है।
वहीं सामने आए सीसीटीवी फुटेज में दो व्यक्ति उनके कार्यालय में घुसते दिख रहे है, जो कुछ ही समय के बाद कार्यालय से बाहर निकल जाते हैं। वेसे ये कौन है? ये तो जांच का विषय है। फिलहाल घटना के बाद पुलिस मौके पर पहुंच कर मामले की तफ्तीश में जुट गई है।

