सरायढेला के उड़िया पट्टी में दो गुटों के बीच बियर बोतल से हमला,कई घायल

AJ डेस्क: धनबाद के सरायढेला थाना क्षेत्र के उड़िया पट्टी में गुरुवार को आपसी विवाद में बियर की बोतल से हमला करने का मामला सामने आया है। इस घटना में दो युवक और एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई है। सभी घायलों को इलाज के लिए धनबाद के एसएनएमएमसीएच अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद इलाके में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया था।

 

बताया जा रहा है कि विक्की हाड़ी नामक युवक अपनी बहन रानी देवी के घर उड़िया पट्टी आया हुआ था। इसी दौरान पास के रहने वाले कुछ युवक नशे की हालत में वहां पहुंचे और पहले एक व्यक्ति के साथ मारपीट की, जिसमें उसका सिर फूट गया। जब विक्की हाड़ी और उसके भाई बीच-बचाव करने पहुंचे तो आरोपियों ने बियर की बोतल तोड़कर उन पर हमला कर दिया। इस दौरान एक युवक के सीने पर बोतल से वार किया गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

 

परिजनों का आरोप है कि जब वे लोग घायलों को बचाने पहुंचे तो आरोपियों ने चाकू से भी हमला करने की कोशिश की, जिसमें विक्की की बहन रानी देवी भी घायल हो गईं। घटना के बाद सभी घायलों को इलाज के लिए एसएनएमएमसीएच अस्पताल लाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। परिजनों का यह भी आरोप है कि इलाके के कुछ युवक अक्सर पिस्टल दिखाकर जान से मारने की धमकी देते रहते हैं।वहीं सरायढेला थाना प्रभारी मंजीत कुमार ने बताया कि घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। आवेदन मिलने के बाद प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Translate »