LPG गैस संकट के विरुद्ध आक्रोशित लोगों ने किया सड़क जाम
AJ डेस्क: धनबाद के झरिया क्षेत्र में एलपीजी गैस की भारी किल्लत ने लोगों को पैनिक में डाल दिया है। बस्ताकोला रेस्क्यू के पास धनबाद–सिंदरी मुख्य मार्ग पर सैकड़ों लोगों ने सड़क जाम कर अपना विरोध दर्ज कराया। पिछले तीन से चार दिनों से गैस सिलेंडर के लिए परेशान लोग सुबह-सुबह सिलेंडर लेकर एजेंसी पहुंच रहे हैं, लेकिन उन्हें हर दिन निराश होकर खाली हाथ लौटना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि चौधरी गैस एजेंसी में अव्यवस्था के साथ-साथ काला बाजारी भी हो रही है। उनका कहना है कि पहले बुकिंग के बाद गैस सिलेंडर सीधे घर तक पहुंचा दिया जाता था, लेकिन अब उपभोक्ताओं को खुद एजेंसी के सामने लंबी लाइन में लगना पड़ रहा है। कई लोगों ने यह भी बताया कि उन्होंने 4 से 5 दिन पहले ही गैस के लिए भुगतान कर दिया था, इसके बावजूद उन्हें सिलेंडर नहीं मिल रहा है।
मंगलवार सुबह से ही बड़ी संख्या में लोग बस्ताकोला इंडियन गैस एजेंसी के पास इकट्ठा होने लगे। जब करीब 11 बजे तक एजेंसी नहीं खुली, तो लोगों का धैर्य जवाब दे गया और उन्होंने मुख्य सड़क को जाम कर दिया। करीब आधे घंटे तक यातायात पूरी तरह बाधित रहा।
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची स्थानीय पुलिस ने लोगों को समझा-बुझाकर जाम खत्म कराया। हालांकि, लोगों का कहना है कि अगर जल्द ही गैस की आपूर्ति सुचारू नहीं हुई, तो वे फिर से उग्र आंदोलन करने को मजबूर होंगे।
लोगों का यह भी मानना है कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चल रहे अमेरिका, इजरायल और ईरान के बीच तनाव का असर अब स्थानीय बाजारों पर भी दिखने लगा है, जिससे गैस की कमी और बढ़ गई है।
