त्यौहारों को लेकर प्रशासन सतर्क,कई दिशा निर्देश जारी
AJ डेस्क: धनबाद के न्यू टाउन हॉल में आगामी ईद, रामनवमी, दुर्गा पूजा एवं छठ महापर्व को लेकर जिला स्तरीय शांति समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए गणमान्य नागरिकों, जनप्रतिनिधियों और शांति समिति के सदस्यों ने भाग लिया। सभी ने अपने-अपने इलाकों की स्थिति, तैयारियों और संभावित चुनौतियों पर विस्तार से चर्चा की।
बैठक की अध्यक्षता उपायुक्त आदित्य रंजन ने की। इस दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने, ट्रैफिक नियंत्रण, साफ-सफाई, बिजली और पानी की सुचारू आपूर्ति, तथा अफवाहों पर नियंत्रण जैसे कई अहम मुद्दों पर गंभीर मंथन हुआ। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि त्योहारों के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उपायुक्त ने कहा कि सभी पर्व आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ मनाए जाएं, यह प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने विशेष रूप से रामनवमी जुलूस के दौरान निर्धारित दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन करने पर जोर दिया। साथ ही ध्वनि विस्तारक यंत्रों के उपयोग को लेकर भी स्पष्ट निर्देश जारी किए गए, ताकि आम लोगों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
प्रशासन ने जिले के संवेदनशील स्थानों की पहचान कर ली है, जहां विशेष निगरानी के साथ पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। इसके अलावा, लगातार पेट्रोलिंग और निगरानी के माध्यम से किसी भी अप्रिय घटना को समय रहते रोकने की तैयारी की गई है।
बैठक में मौजूद अधिकारियों और शांति समिति के सदस्यों ने प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने का भरोसा दिलाया। साथ ही सभी नागरिकों से अपील की गई कि वे शांति, संयम और आपसी सौहार्द बनाए रखें, ताकि सभी त्योहार हर्षोल्लास और सुरक्षित माहौल में संपन्न हो सकें।
