जमीन विवाद में हिंसक झड़प,युवक को लगी तीर,स्थिति गंभीर

 

AJ डेस्क: धनबाद जिले के राजगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत सोनदाहा गांव में रविवार रात जमीन विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच हिंसक झड़प हो गई। इस घटना में कई लोग घायल हो गए, जबकि एक युवक को तीर लगने से उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।

 

 

मिली जानकारी के अनुसार, घायल विनय कुमार महतो (25) के सीने में तीर लग गया। वहीं शंभु महतो, अरुण कुमार महतो, जयराम महतो और मोहन महतो भी मारपीट और पथराव में घायल हो गए। परिजनों ने सभी घायलों को पहले राजगंज के एक निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें एसएनएमसीएच भेजा गया। गंभीर स्थिति को देखते हुए विनय महतो को बेहतर इलाज के लिए रिम्स, रांची रेफर कर दिया गया।

 

बताया जा रहा है कि दोनों पक्षों के बीच लंबे समय से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। रविवार को एक पक्ष द्वारा विवादित जमीन पर काम शुरू करने और दूसरे पक्ष द्वारा इसका विरोध करने पर विवाद बढ़ गया। देखते ही देखते दोनों ओर से मारपीट और पथराव शुरू हो गया। इसी दौरान किसी ने तीर चला दिया, जो विनय के सीने में जा लगा।

 

घायल जयराम महतो ने पुलिस के समक्ष सुरेंद्र हेंब्रम और धीरेन्द्र हेंब्रम समेत अन्य लोगों पर मारपीट और जमीन कब्जाने का आरोप लगाया है।

 

इधर, राजगंज थाना प्रभारी अलिशा कुमारी ने बताया कि जमीन विवाद को लेकर घटना हुई है। सभी घायलों का इलाज कराया जा रहा है और मामले की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Translate »