बेटियों को मिलेगा सुरक्षा कवच, एच पी वी टीकाकरण अभियान 30 से
AJ डेस्क: सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से बेटियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से सरकार ह्यूमन पैपिलोमा वायरस (एचपीवी) टीकाकरण अभियान शुरू करने जा रही है। यह अभियान 30 मार्च से झारखंड के सभी जिलों में एक साथ प्रारंभ होगा। धनबाद जिले में भी इसे सफल बनाने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने व्यापक तैयारी कर ली है। यह जानकारी गुरुवार को सिविल सर्जन डॉ. आलोक विश्वकर्मा ने प्रेस वार्ता कर दी।
उन्होंने बताया कि 30 मार्च से जिले के सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में एचपीवी टीका उपलब्ध कराया जाएगा। इस अभियान के तहत 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग की बच्चियों को एचपीवी का सिंगल डोज दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि धनबाद जिले में 15 वर्ष से कम आयु की लगभग 31 हजार बच्चियां चिन्हित की गई हैं, जिनका टीकाकरण करना स्वास्थ्य विभाग का लक्ष्य है। यह विशेष अभियान अगले तीन महीनों तक संचालित किया जाएगा, जिसके लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
वहीं, डॉ. दीपक कुमार ने जानकारी देते हुए कहा कि महिलाओं में ब्रेस्ट कैंसर के बाद सर्वाइकल कैंसर दूसरा सबसे आम कैंसर है। वर्तमान में प्रति एक लाख महिलाओं में लगभग 12 महिलाएं इस बीमारी से प्रभावित हो रही हैं। सरकार का लक्ष्य वर्ष 2030 तक इस आंकड़े को घटाकर 12 से 4 पर लाना है। उन्होंने यह भी बताया कि एचपीवी वैक्सीन वर्ष 2006 से उपयोग में है और प्राइवेट सेक्टर में इसके दो डोज दिए जाते हैं, जिनकी कीमत प्रति डोज लगभग 10 हजार रुपये तक होती है। वहीं, सरकार द्वारा यह टीका पूरी तरह निःशुल्क उपलब्ध कराया जा रहा है, ताकि अधिक से अधिक बच्चियों को इसका लाभ मिल सके।
स्वास्थ्य विभाग ने अभिभावकों से अपील की है कि वे अपनी बेटियों को इस टीकाकरण अभियान में अवश्य शामिल कराएं, ताकि भविष्य में सर्वाइकल कैंसर जैसी घातक बीमारी से बचाव संभव हो सके।
