तेज रफ्तार वाहन ने बिजली के दो खंभे को किया क्षतिग्रस्त,क्षेत्र में अंधकार

 

AJ डेस्क: धनबाद के झरिया क्षेत्र अंतर्गत जोड़ापोखर थाना क्षेत्र के डुमरी 2 नंबर में बीती देर रात एक तेज रफ्तार वाहन का कहर देखने को मिला। एक अनियंत्रित वाहन ने सड़क किनारे लगे बिजली के दो खंभों को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों खंभे बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए, जिससे पूरे इलाके में अफरातफरी मच गई।

 

घटना के तुरंत बाद आसपास के लोग घबराकर अपने घरों से बाहर निकल आए। स्थानीय निवासियों के अनुसार, टक्कर लगते ही इलाके में शॉर्ट सर्किट की स्थिति उत्पन्न हो गई। इसके कारण कई घरों में बिजली के उपकरण जैसे पंखा, टीवी और फ्रिज जल गए। अचानक हुई इस घटना से लोग दहशत में आ गए और उन्हें काफी नुकसान का भी सामना करना पड़ा।

 

स्थानीय लोगों ने इस घटना के लिए भारी वाहनों को जिम्मेदार ठहराया है। उनका कहना है कि इस मार्ग से रोजाना भारी वाहन तेज रफ्तार में गुजरते हैं, जिससे हमेशा हादसे की आशंका बनी रहती है। लोगों ने यह भी बताया कि उन्होंने कई बार इस समस्या को लेकर स्थानीय पुलिस को सूचना दी, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।

 

लोगों में इस घटना को लेकर काफी आक्रोश है। उनका कहना है कि यदि प्रशासन समय रहते ध्यान देता, तो आज यह स्थिति नहीं बनती। घटना के बाद लोगों ने प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की है।

 

वहीं, पाथरडीह सबस्टेशन के एसडीओ से संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन उन्होंने फोन रिसीव नहीं किया। फिलहाल इलाके में बिजली आपूर्ति बाधित है और क्षतिग्रस्त खंभों को ठीक करने का काम जारी है। स्थानीय लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही अवैध परिवहन और तेज रफ्तार वाहनों पर रोक नहीं लगाई गई, तो भविष्य में इससे भी बड़ी दुर्घटना हो सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Translate »