शहर की सरकार ने जलापूर्ति और साफ सफाई पर विशेष फोकस रखा

 

AJ डेस्क: – धनबाद नगर निगम बोर्ड की दूसरी बैठक सोमवार को सफलतापूर्वक सम्पन्न हुई, जिसमें शहर की बुनियादी सुविधाओं को लेकर अहम निर्णय लिए गए। बैठक में खासतौर पर जलापूर्ति और सफाई व्यवस्था पर विस्तृत चर्चा की गई। वार्ड पार्षदों ने अपने-अपने क्षेत्रों की समस्याओं को रखते हुए सफाईकर्मियों की संख्या बढ़ाने का प्रस्ताव दिया, जिसे सर्वसम्मति से पारित कर दिया गया।

 

मेयर संजीव सिंह ने मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि वर्तमान में अलग-अलग वार्डों में सफाईकर्मियों की संख्या असमान है। कहीं 6 तो कहीं 10 सफाईकर्मी कार्यरत हैं। अब इसे बढ़ाकर प्रत्येक वार्ड में लगभग 15 सफाईकर्मी नियुक्त करने पर जोर दिया गया है, जिससे शहर की सफाई व्यवस्था और बेहतर हो सके।

 

इसके साथ ही गर्मी के मौसम को ध्यान में रखते हुए उन वार्डों में चापानल लगाने का निर्णय लिया गया है, जहां पानी की समस्या अधिक रहती है। यह कदम आम जनता को राहत देने के उद्देश्य से उठाया गया है।

 

बैठक में प्रशासनिक व्यवस्था को मजबूत करने के लिए भी महत्वपूर्ण फैसला लिया गया। हर पांच वार्डों पर एक जोनल अध्यक्ष का चयन किया गया है। उनके बैठने और कार्य निष्पादन के लिए किसी एक सरकारी भवन को चिन्हित कर कार्यालय की व्यवस्था की जाएगी।

 

मेयर ने कहा कि नगर निगम शहर के विकास को गति देने के लिए प्रतिबद्ध है और वार्ड पार्षद जनता और सरकार के बीच एक महत्वपूर्ण कड़ी के रूप में काम करते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Translate »