हाथियों ने मचाया उत्पात,तीन ग्रामीणों को कुचल कर मार डाला

 

AJ डेस्क: झारखंड के रामगढ़ जिले के गोला थाना क्षेत्र में हाथियों का आतंक जानलेवा होता जा रहा है। ताजा घटनाओं में तीन लोगों की दर्दनाक मौत ने पूरे इलाके को दहला दिया है, जबकि ग्रामीणों में वन विभाग के खिलाफ भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है।

 

 

जानकारी के मुताबिक, सबसे पहले मुरपा गांव में महुआ चुनने जा रहे वृद्ध श्याम देव साव पर हाथियों के झुंड ने हमला कर दिया। हाथियों ने उन्हें पटक-पटक कर कुचल दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

 

 

इसके कुछ ही देर बाद वही झुंड बंदा गांव के बांग्ला भट्ठा क्षेत्र पहुंचा, जहां शौच के लिए जा रहे दो मजदूर युगल भुईया और धीरज भुईया पर अचानक हमला कर दिया गया। दोनों को संभलने का मौका तक नहीं मिला और हाथियों ने बेरहमी से कुचल कर मार डाला।

 

 

घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग और गोला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। प्रशासन ने मृतकों के परिजनों को मुआवजा देने का आश्वासन दिया है।

 

हालांकि, ग्रामीणों का आरोप है कि हाथियों की मौजूदगी की कोई पूर्व सूचना नहीं दी जाती और उन्हें जंगल की ओर खदेड़ने में भी विभाग नाकाम रहा है।

 

वहीं, वन क्षेत्र पदाधिकारी नीलेश पोद्दार का कहना है कि हाथियों का मूवमेंट अचानक इस इलाके में हुआ है और स्थिति पर नजर रखी जा रही है।

 

फिलहाल गांव में दहशत और गुस्से का माहौल है, और लोग जल्द ठोस कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Translate »