हल्लाबोल: व्यवसायिक गैस सिलेंडर की कीमतों में वृद्धि के खिलाफ झामुमो का धरना,प्रदर्शन
AJ डेस्क – धनबाद में व्यवसायिक गैस सिलेंडर की कीमतों में बढ़ोतरी के खिलाफ गुरुवार को झारखंड मुक्ति मोर्चा ने केंद्र सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। झामुमो धनबाद जिला समिति के नेतृत्व में रणधीर वर्मा चौक पर एक दिवसीय धरना प्रदर्शन का आयोजन किया गया, जिसमें जिले भर से बड़ी संख्या में पार्टी नेता और कार्यकर्ता शामिल हुए। प्रदर्शन के दौरान केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई और बढ़ती महंगाई पर चिंता जताई गई।
झामुमो नेताओं ने कहा कि व्यवसायिक गैस सिलेंडर की कीमतों में लगातार हो रही वृद्धि से होटल, ढाबा, रेस्टोरेंट संचालकों और छोटे दुकानदारों पर सीधा असर पड़ रहा है। इसका बोझ आखिरकार आम लोगों पर भी पड़ता है। पार्टी नेताओं ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार महंगाई पर नियंत्रण करने में पूरी तरह विफल रही है और आम जनता लगातार आर्थिक दबाव झेल रही है।
धरना प्रदर्शन में मौजूद नेताओं और कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार से व्यवसायिक गैस सिलेंडर के दाम वापस लेने की मांग की। साथ ही चेतावनी दी कि यदि महंगाई पर जल्द नियंत्रण नहीं किया गया तो झामुमो आगे भी आंदोलन जारी रखेगा।
