कतरास : आपसी रंजिश में जमकर गोलीबारी, दो जख्मी

AJ डेस्क: धनबाद जिले के कतरास थाना क्षेत्र अंतर्गत छाताबाद में बुधवार देर रात आपसी रंजिस को लेकर दो गुटों के बीच गोलीबारी की घटना हुई है। रात करीब एक बजे हुई फायरिंग से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घटना में दो लोग गोली लगने से घायल हो गए है।

 

घायलों में छाताबाद निवासी, नीतीश कुमार यादव तथा एक अन्य व्यक्ति शामिल हैं। नीतीश कुमार यादव की जांघ में गोली लगी है। नीतीश यादव का इलाज निचितपुर स्थित एक निजी क्लीनिक में चल रहा है।

 

कतरास थाना के प्रभारी सह इंस्पेक्टर प्रवीण कुमार ने बताया कि छाताबाद स्थित कैलूडीह मैदान के समीप देर रात आपसी रंजिश में दो गुटों में फायरिंग की घटना को अंजाम दिया गया है, जिसमें दो लोगों को गोली लगी है। दोनों घायलों का अस्पताल में इलाज जारी है और दोनों खतरे से बाहर बताए जा रहे है। उन्होंने बताया कि फिलहाल क्षेत्र को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया और स्थिति नियंत्रण में है। उन्होंने बताया कि फिलहाल मामले में एफआईआर दर्ज नही की गई है, लेकिन आगे की कार्रवाई जारी है।

 

वहीं घटना की सूचना मिलते ही देर रात बाघमारा एसडीपीओ अजीत कुमार विमल, कतरास थाना प्रभारी प्रवीण कुमार, कतरास अंचल इंस्पेक्टर मो. रुस्तम अंसारी सहित कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर छापेमारी अभियान शुरू कर दिया है।

 

गुरुवार सुबह भी ग्रामीण एसपी मोहम्मद याकूब मौके पर पहुंच मामले की जानकारी ली और पुलिस पदाधिकारियों को कार्रवाई के लिए आवश्यक दिशा निर्देश दिया। फिलहाल घटना में शामिल अपराधियों की पहचान की जा रही है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

 

वहीं गोलीबारी में घायल नीतीश कुमार यादव के पिता किशोरी यादव ने बताया कि वह दूध का कारोबार करते हैं। देर रात उनका बेटा गाय-भैंसों की निगरानी के लिए बाहर निकला था। इसी बीच उन्हें गोलीबारी में उनके बेटे को गोली लगने की सूचना मिली।

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Translate »