टुंडी में प्रतिबंधित मांस मिलने पर बवाल,पथराव,लाठीचार्ज और हवाई फायरिंग

AJ डेस्क: धनबाद जिले के टुंडी थाना क्षेत्र अंतर्गत बरुवाटांड पंचायत के मोहनाद गांव में शुक्रवार को प्रतिबंधित मांस मिलने की सूचना के बाद माहौल अचानक तनावपूर्ण हो गया। देखते ही देखते दो समुदाय आमने-सामने आ गए और इलाके में भारी बवाल की स्थिति उत्पन्न हो गई। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए कई थानों की पुलिस के साथ भारी पुलिस बल को मौके पर तैनात करना पड़ा। इस दौरान पुलिस पर पथराव भी किया गया, जिसके बाद पुलिस ने लाठीचार्ज और हवाई फायरिंग कर हालात पर काबू पाया।

 

 

बताया जा रहा है कि मोहनाद गांव में प्रतिबंधित मांस की तस्करी की सूचना मिलने के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश फैल गया। देखते ही देखते बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए और दो समुदायों के बीच तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई। सूचना मिलते ही टुंडी थाना, पूर्वी टुंडी, मनियाडीह सहित कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची।

 

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए ग्रामीण एसपी एस मोहम्मद याकूब, एसडीएम लोकेश बारंगे और अंचल अधिकारी सुरेश प्रसाद वर्णवाल भी घटनास्थल पहुंचे और लोगों को शांत कराने का प्रयास किया। इसी दौरान जब पुलिस प्रतिबंधित मांस तस्करी के आरोप में गिरफ्तार किए गए आरोपियों को लेकर जा रही थी, तब कुछ उपद्रवियों ने पुलिस टीम पर पथराव शुरू कर दिया।

 

हालात बिगड़ते देख पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा और भीड़ को तितर-बितर करने के लिए हवाई फायरिंग भी की गई। पुलिस ने मौके से प्रतिबंधित मांस जब्त करते हुए तस्करी में शामिल तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

 

फिलहाल पूरे इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और क्षेत्र को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया है। इलाके में अब भी तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है, हालांकि प्रशासन लगातार हालात पर नजर बनाए हुए है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Translate »