आकाशीय बिजली ने विशाल वृक्ष को बीच से फाड़ डाला,आपूर्ति ठप्प

AJ डेस्क: धनबाद कोयलांचल में शुक्रवार अहले सुबह हुई तेज बारिश और गर्जन के बीच आकाशीय बिजली गिरने से एक बड़ा हादसा टल गया। ईस्ट बसुरिया ओपी क्षेत्र के मोहलीडीह निचितपुर टाउनशिप बी-टाइप में एक विशाल पेड़ पर बिजली गिरने से वह कई हिस्सों में टूट गया और पास से गुजर रही बिजली लाइन तथा पोल पर जा गिरा। घटना के बाद पूरे इलाके की विद्युत आपूर्ति बाधित हो गई है।

 

शुक्रवार सुबह तेज हवा, बारिश और गरज के साथ हुई बारिश के दौरान मोहलीडीह निचितपुर टाउनशिप में स्थित एक बड़े पेड़ पर आकाशीय बिजली गिरी। बिजली की चपेट में आने से पेड़ कई टुकड़ों में बंट गया और झारखंड विद्युत ऊर्जा निगम के बिजली पोल व तारों पर गिर पड़ा। इससे बिजली के तार टूट कर झुक गए और क्षेत्र की बिजली आपूर्ति पूरी तरह ठप हो गई। अचानक बिजली गुल होने से लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

 

स्थानीय मुखिया मोहम्मद आजाद ने बताया कि जिस स्थान पर यह घटना हुई है, उसके आसपास घनी आबादी है। राहत की बात यह रही कि हादसे के समय वहां कोई मौजूद नहीं था, जिससे किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। हालांकि कई घरों में इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के क्षतिग्रस्त होने की सूचना मिल रही है। घटना के बाद स्थानीय लोगों में भय का माहौल है।

 

मुखिया मोहम्मद आजाद ने बिजली विभाग से क्षतिग्रस्त पेड़ को जल्द हटाकर बिजली आपूर्ति बहाल करने की मांग की है। साथ ही उन्होंने कहा कि जिन स्थानों से होकर बिजली लाइनें गुजरती हैं, वहां बड़े पेड़ों की नियमित छंटाई कराई जानी चाहिए, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों से बचा जा सके। उन्होंने लोगों से भी बारिश, तेज हवा और गर्जन के दौरान बिजली के पोल और तारों से दूर रहने की अपील की है।

 

फिलहाल क्षेत्र के लोग बिजली विभाग की कार्रवाई और बिजली आपूर्ति बहाल होने का इंतजार कर रहे हैं। मानसून से पहले ऐसी घटनाओं ने बिजली व्यवस्था की तैयारियों पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Translate »