घनु डीह आउटसोर्सिंग में बवाल,फायरिंग,मेयर ने कहा – बैठक के बाद ही होगा कार्य

AJ डेस्क: धनबाद के घनुडीह चीनकोठी बस्ती से सटे इलाके में सिंह नेचुरल आउटसोर्सिंग परियोजना के विस्तार को लेकर विवाद गहरा गया है। ग्रामीणों ने बुधवार को बस्ती के समीप ओबी यानी ओवरबर्डन डंपिंग का विरोध करते हुए प्रदर्शन किया। ग्रामीणों का आरोप है कि विरोध के दौरान कंपनी समर्थकों ने उनके साथ मारपीट की और दहशत फैलाने के लिए हवाई फायरिंग भी की। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया।

 

सूचना मिलने पर धनबाद के मेयर संजीव सिंह और घनुडीह ओपी प्रभारी मौके पर पहुंचे तथा ग्रामीणों से पूरे मामले की जानकारी ली। जांच के दौरान घटनास्थल से एक खोखा भी बरामद हुआ है, जिसे पुलिस ने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।

 

मेयर संजीव सिंह ने कहा कि ग्रामीणों की आपत्तियों के बावजूद ओबी डंपिंग की जा रही थी। उन्होंने आरोप लगाया कि विरोध करने वाले लोगों के साथ मारपीट की गई और समय पर पुलिस नहीं पहुंचती तो बड़ी घटना हो सकती थी। उन्होंने स्पष्ट किया कि जब तक इस मामले पर उच्चस्तरीय बैठक नहीं हो जाती, तब तक विवादित स्थल पर ओबी डंपिंग और किसी भी नए कार्य की अनुमति नहीं दी जाएगी।

 

वहीं ग्रामीण सुनील कुमार मंडल ने आरोप लगाया कि कंपनी द्वारा अवैध तरीके से ओबी डंप किया जा रहा था। विरोध करने पर करीब 30 लोग वहां पहुंचे और मारपीट करने लगे। उन्होंने दावा किया कि इस दौरान फायरिंग भी की गई, जिससे इलाके में दहशत फैल गई। मारपीट में उनका हाथ भी टूट गया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Translate »