रुद्र महायज्ञ: मेयर संजीव सिंह ने कहा – बाघमारा की जनता जलाएगी रावण की लंका
A J डेस्क: धनबाद जिले के बाघमारा प्रखंड अंतर्गत माटीगढ़ा में आयोजित श्री श्री 108 रुद्र महायज्ञ एवं शिव परिवार प्राण प्रतिष्ठा समारोह में धनबाद मेयर संजीव सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस अवसर पर जिला परिषद अध्यक्ष शारदा सिंह समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
यज्ञ स्थल पहुंचने से पहले इंदिरा चौक पर आतिशबाजी और फूल-मालाओं के साथ मेयर का भव्य स्वागत किया गया। इसके बाद जुलूस के रूप में वे यज्ञ स्थल पहुंचे, जहां आयोजन समिति ने उनका अभिनंदन किया। मेयर ने धार्मिक आयोजन के सफल संचालन के लिए हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया।
सभा को संबोधित करते हुए मेयर संजीव सिंह ने कहा कि आज की युवा पीढ़ी अपने पूर्वजों द्वारा किए गए कार्यों और सांस्कृतिक विरासत को पुनर्स्थापित करने का काम कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रभु श्रीराम और सनातन संस्कृति को कमजोर करने की कोशिशें हुईं, लेकिन अयोध्या में राम मंदिर निर्माण के बाद देशभर में धार्मिक और सांस्कृतिक जागरण का माहौल बना है। उन्होंने कहा कि सनातन धर्म मजबूत रहेगा तो देश, झारखंड और धनबाद भी मजबूत रहेगा।
वहीं, धनबाद की राजनीति में चल रही बयानबाजी के बीच मेयर ने बिना नाम लिए अपने राजनीतिक विरोधियों पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि बाघमारा की जनता रूपी हनुमान अन्याय और अहंकार की ‘लंका’ को जलाने का काम करेगी। इतिहास इसका साक्षी है कि जब हनुमान की पूंछ में आग लगाई गई थी तो रावण की लंका जलकर राख हो गई थी। जनता के सामने किसी की मनमानी नहीं चलने वाली।
