नीट परीक्षा: धनबाद के सात केंद्रों पर होगी परीक्षा,प्रशासनिक तैयारी पूरी
A J डेस्क: नीट (यूजी) 2026 परीक्षा के सफल और शांतिपूर्ण संचालन को लेकर धनबाद जिला प्रशासन पूरी तरह तैयार है। इसी को लेकर शुक्रवार को उपायुक्त आदित्य रंजन की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी और कदाचार मुक्त कराने को लेकर केंद्र अधीक्षक, दंडाधिकारी और पुलिस पदाधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए गए।
उपायुक्त ने ज्वाइंट ऑर्डर के तहत प्रतिनियुक्त अधिकारियों को परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था और निर्धारित प्रोटोकॉल का सख्ती से पालन कराने का निर्देश दिया। उन्होंने डीएलसीसी के सदस्यों को सभी परीक्षा केंद्रों की तैयारियों की समीक्षा कर व्यवस्थाओं का सत्यापन करने को कहा।
उन्होंने बताया कि परीक्षा के दौरान विधि व्यवस्था बनाए रखने के लिए कंट्रोल रूम भी सक्रिय रहेगा। साथ ही उपायुक्त खुद परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लेंगे।
21 जून को धनबाद जिले के सात केंद्रों पर नीट (यूजी) परीक्षा आयोजित की जाएगी। इनमें केंद्रीय विद्यालय धनबाद नंबर-1, डिग्री कॉलेज आरएसपी-2 जामाडोबा, बीआईटी सिंदरी, बिनोद बिहारी महतो कोयलांचल विश्वविद्यालय, आईआईटी आईएसएम, एसएसएलएनटी कॉलेज धनबाद और आरएस मोर कॉलेज गोविंदपुर शामिल हैं।
सामान्य परीक्षार्थियों के लिए परीक्षा दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजकर 15 मिनट तक होगी, जबकि पीडब्ल्यूडी परीक्षार्थियों के लिए परीक्षा अवधि शाम 6 बजकर 15 मिनट तक निर्धारित की
गई है।
