भाजपा जिलाध्यक्ष के भाई पर हमला

 

A J डेस्क: धनबाद के झरिया क्षेत्र में अपराधियों के हौसले एक बार फिर बुलंद नजर आए हैं। शुक्रवार देर रात भाजपा धनबाद जिला अध्यक्ष श्रवण राय के भाई जमेंद्र राय पर अज्ञात हमलावरों ने जानलेवा हमला कर दिया। चाकू, भुजाली और लाठी-डंडों से किए गए इस हमले में जमेंद्र राय गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है।

 

जानकारी के मुताबिक जमेंद्र राय की जामाडोबा चार नंबर में सीमेंट की दुकान है। शुक्रवार रात वह तगादा कर अपनी दुकान की ओर लौट रहे थे। इसी दौरान पहले से घात लगाए बैठे हमलावरों ने अचानक उन पर हमला बोल दिया। आरोप है कि हमलावरों ने चाकू, भुजाली और लाठी-डंडों से ताबड़तोड़ वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े।

 

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और घायल जमेंद्र राय को तत्काल झरिया के लाइफ लाइन अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए धनबाद के निजी अस्पताल रेफर कर दिया गया।

 

वारदात के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। हमले के पीछे पुरानी रंजिश, लेन-देन या अन्य किसी विवाद की आशंका जताई जा रही है। हालांकि घटना के वास्तविक कारणों का अब तक खुलासा नहीं हो सका है।

 

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और हमलावरों की पहचान में जुटी है।

 

घटना के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों में आक्रोश है। लोगों ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग की है। वहीं पुलिस ने दावा किया है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और जल्द ही हमलावरों को गिरफ्तार किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Translate »