SBI घोटाला: दो दशक बाद CBI ने नेपाल से दो को दबोचा
A J डेस्क: धनबाद के बहुचर्चित SBI मुख्य शाखा बैंक घोटाला मामले में केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो यानी CBI को बड़ी सफलता हाथ लगी है। करीब 20 साल पुराने इस मामले में फरार चल रहे दो घोषित अपराधियों को CBI की भ्रष्टाचार निरोधक शाखा धनबाद ने गिरफ्तार कर लिया है। दोनों आरोपी लंबे समय से कानून की गिरफ्त से बचते फिर रहे थे और इनके खिलाफ रेड कॉर्नर नोटिस भी जारी किया गया था।
मामला वर्ष 2005 का है। CBI ने RC-11(A)/2005-D के तहत 31 अगस्त 2005 को प्राथमिकी दर्ज की थी। आरोप था कि नवंबर 2002 से जून 2005 के बीच स्टेट बैंक ऑफ इंडिया की मुख्य शाखा, बैंक मोड़ धनबाद से करीब 1 करोड़ 25 लाख रुपये की धोखाधड़ी और गबन किया गया था।
इस मामले में BNS की धारा 61, 318 और भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई शुरू की गई थी। जांच के दौरान CBI को पता चला कि मामले के आरोपी बृजभूषण प्रसाद और करतार सिंह केस दर्ज होने के बाद नेपाल भाग गए थे।
दोनों आरोपियों को बाद में अदालत ने अपराधी घोषित किया था। गिरफ्तारी के लिए इनके खिलाफ रेड कॉर्नर नोटिस जारी किया गया था और इनकी सूचना देने पर इनाम भी घोषित किया गया था।
लंबे समय से फरार चल रहे दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी को CBI एसीबी धनबाद की बड़ी कामयाबी माना जा रहा है। अब आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
