कोयला चोरी :राजपुरा OCP का उत्पादन ठप्प,गार्ड की पिटाई

AJ डेस्क: धनबाद के निरसा स्थित ईसीएल मुगमा एरिया की राजपुरा ओसीपी में कोयला तस्करों का दुस्साहस एक बार फिर सामने आया है। कोयला चोरी रोकने की कीमत एक सुरक्षा कर्मी को मार खाकर चुकानी पड़ी। शुक्रवार की सुबह मोटरसाइकिल से ड्यूटी से लौट रहे सुरक्षा कर्मी दिलीप सतनामी पर एक महिला और पुरुष ने कथित तौर पर डंडे और मुक्कों से हमला कर दिया। हमले में सुरक्षा कर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना से गुस्साए मजदूरों ने परियोजना का उत्पादन ठप करा दिया है। वहीं, बीसीकेयू ने साफ चेतावनी दी है कि आरोपियों पर ठोस कार्रवाई नहीं हुई तो पूरे राजपुरा परियोजना को बंद करा दिया जाएगा।

 

दरअसल, शुक्रवार की अहले सुबह करीब 6 बजे राजपुरा ओसीपी से मोटरसाइकिल पर सवार होकर निकल रहे सुरक्षा कर्मी दिलीप सतनामी को दो लोगों ने कथित तौर पर घेर लिया और मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि महिला और पुरुष ने उन्हें डंडे तथा मुक्कों से बेरहमी से पीटा। इस हमले में दिलीप सतनामी के शरीर पर कई जगह चोटें आई हैं।

 

बताया जा रहा है कि कोयला चोरी रोकने को लेकर विवाद शुरू हुआ था। इसी दौरान सुरक्षा कर्मी पर महिला से छेड़छाड़ का आरोप लगाया गया और फिर उनके साथ मारपीट की गई। हालांकि, छेड़छाड़ के आरोप की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।

 

घटना की खबर फैलते ही राजपुरा परियोजना में काम करने वाले सुरक्षा कर्मियों और मजदूरों का गुस्सा फूट पड़ा। विरोध में सुबह से ही परियोजना का उत्पादन बंद करा दिया गया। मौके पर पहुंचे बीसीकेयू के कोलियरी सचिव खोखन रविदास ने प्रबंधन और पुलिस प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई।

 

उन्होंने आरोप लगाया कि राजपुरा परियोजना में कोयला तस्करों का मनोबल इतना बढ़ गया है कि अब मजदूरों और सुरक्षा कर्मियों पर सीधे हमले किए जा रहे हैं। पहले भी इस तरह की कई घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से हमलावरों के हौसले बुलंद हैं।

 

बीसीकेयू ने दो टूक कहा है कि जब तक राजपुरा प्रबंधन और गल्फरबाड़ी ओपी पुलिस आरोपियों के खिलाफ ठोस कार्रवाई नहीं करती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। जरूरत पड़ी तो केवल उत्पादन ही नहीं, बल्कि पूरी परियोजना को बंद करा दिया जाएगा।

 

वहीं, कोलियरी प्रबंधक संजीव चंद्रा ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि सुरक्षा कर्मी के साथ दो लोगों ने मारपीट की है। आरोपियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। पहचान होने के बाद स्थानीय थाने में शिकायत दर्ज कराई जाएगी।

गौरतलब है कि गुरुवार को ही निरसा की राजा कोलियरी में सीआईएसएफ की टीम पर पथराव और मोटरसाइकिल छीनने की घटना सामने आई थी। अब राजपुरा ओसीपी में सुरक्षा कर्मी पर हमले ने ईसीएल की सुरक्षा व्यवस्था को एक बार फिर कटघरे में खड़ा कर दिया है।

 

लगातार हो रही घटनाएं सवाल उठा रही हैं कि आखिर कोयला तस्करों के हौसले इतने बुलंद क्यों हैं? क्या ईसीएल प्रबंधन और पुलिस प्रशासन किसी बड़ी घटना का इंतजार कर रहा है? फिलहाल, मारपीट के विरोध में राजपुरा ओसीपी का उत्पादन ठप है और अब सबकी निगाहें प्रबंधन तथा पुलिस की कार्रवाई पर टिकी हैं।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Translate »