चक्रवात का असर : धनबाद में सुबह से ही झमाझम बारिश,जन जीवन प्रभावित

AJ डेस्क: बंगाल की खाड़ी में बने चक्रवाती तूफान ‘अकवा’ का असर अब धनबाद में भी देखने को मिल रहा है। शुक्रवार सुबह से ही जिले में झमाझम बारिश हो रही है। सुबह उठते ही लोगों का सामना बारिश और ठंडी हवाओं से हुआ। लगातार हो रही बारिश के कारण तापमान में गिरावट आई है और ठंड का एहसास बढ़ गया है। वहीं, बारिश ने आम जनजीवन की रफ्तार भी धीमी कर दी है।

 

धनबाद में शुक्रवार की सुबह मौसम ने अचानक करवट ली। बंगाल की खाड़ी में बने चक्रवाती तूफान ‘अकवा’ के प्रभाव से सुबह से ही झमाझम बारिश हो रही है। आसमान में घने बादल छाए हुए हैं और लगातार चल रही ठंडी हवाओं ने लोगों को ठंड का एहसास करा दिया है।

 

बारिश के कारण सुबह सड़कों पर सामान्य दिनों की अपेक्षा कम चहल-पहल देखने को मिली। जरूरी काम से घरों से निकले लोग छाता और रेनकोट का सहारा लेते नजर आए। वहीं, बाइक और साइकिल सवारों को बारिश के बीच आवागमन करने में काफी परेशानी हुई।

 

मौसम के इस बदले मिजाज का असर स्कूली बच्चों पर भी देखने को मिला। कई बच्चे बारिश में भीगते हुए स्कूल जाते नजर आए, जबकि अभिभावक अपने बच्चों को सुरक्षित स्कूल पहुंचाने के लिए खुद साथ निकले।

 

लगातार बारिश और तापमान में गिरावट से ठंड का असर बढ़ गया है। लोगों ने गर्म कपड़े निकालने शुरू कर दिए हैं। मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटे तक हल्की से मध्यम बारिश जारी रहने की संभावना है। ऐसे में लोगों को सावधानी बरतने और ठंड से बचाव करने की सलाह दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Translate »