बरवाअड्डा में 16 हजार नकली शराब की बोतलें जब्त
AJ डेस्क: धनबाद पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में नकली अंग्रेजी शराब बरामद की है। वरीय पुलिस अधीक्षक को मिली गुप्त सूचना के आधार पर बरवाअड्डा पुलिस ने बुधवार देर शाम मरिचो पंचायत के कांडालागा गांव में छापेमारी की। पुलिस ने एक घर के पीछे बने बकरी शेड से नकली अंग्रेजी शराब की 335 पेटियां बरामद की हैं। इन पेटियों में कुल 16 हजार 80 बोतल शराब मिली है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 25 लाख रुपये बताई जा रही है। शराब को बिहार भेजने की तैयारी थी। हालांकि पुलिस की कार्रवाई से पहले ही शराब कारोबारी मौके से फरार हो गया।
धनबाद के बरवाअड्डा थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए नकली अंग्रेजी शराब का जखीरा बरामद किया है। पुलिस के अनुसार, वरीय पुलिस अधीक्षक को मिली गुप्त सूचना के बाद बरवाअड्डा पुलिस ने मरिचो पंचायत के कांडालागा गांव में छापेमारी की।
छापेमारी के दौरान गांव निवासी सुनील रजक के घर के पीछे बने बकरी शेड से भारी मात्रा में नकली शराब बरामद हुई। पुलिस ने 335 पेटियों में रखी कुल 16 हजार 80 बोतल शराब जब्त की है। बरामद शराब की अनुमानित कीमत करीब 25 लाख रुपये बताई जा रही है।
बताया जा रहा है कि नकली शराब को बिहार भेजने की तैयारी थी। हालांकि पुलिस के पहुंचने से पहले ही आरोपी सुनील रजक मौके से फरार हो गया।
गुरुवार को बरवाअड्डा थाना में मुख्यालय-1 डीएसपी कुमार बिनोद ने प्रेसवार्ता कर पूरे मामले की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि बरामद शराब की जांच की जा रही है। वहीं, फरार शराब कारोबारी और इस अवैध कारोबार में शामिल अन्य लोगों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
