बेकार बांध में तैरता मिला एक व्यक्ति का शव

AJ डेस्क: धनबाद थाना क्षेत्र के बेकार बांध स्थित राजेंद्र सरोवर पार्क में मंगलवार को 47 वर्षीय व्यक्ति का शव तैरता मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान पॉलिटेक्निक रोड स्थित दुर्गा मंदिर के समीप रहने वाले राकेश कुमार सिंह के रूप में हुई है। बताया गया कि राकेश सोमवार शाम से ही घर नहीं लौटे थे। मंगलवार को राजेंद्र सरोवर पार्क के मैनेजर की नजर पानी में तैरते शव पर पड़ी। उन्होंने तत्काल इसकी जानकारी स्थानीय पार्षद अशोक पाल और धनबाद थाना पुलिस को दी।

 

सूचना मिलते ही पुलिस टीम और पार्षद मौके पर पहुंचे। शव को पानी से बाहर निकलवाया गया। स्थानीय लोगों और परिजनों की मदद से शव की पहचान राकेश कुमार सिंह के रूप में की गई। इसके बाद पुलिस ने परिजनों को घटना की जानकारी दी।

 

स्थानीय पार्षद अशोक पाल ने बताया कि राकेश कुमार सिंह सोमवार शाम से घर नहीं लौटे थे। मंगलवार को बेकार बांध में शव मिलने की सूचना मिली, जिसके बाद वे मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि राकेश मानसिक रूप से परेशान रहते थे। इससे पहले भी एक बार वह इसी तरह पानी में चले गए थे, लेकिन उस समय लोगों ने उन्हें बचा लिया था।

 

धनबाद थाना के एएसआई रंजन कुमार झा ने बताया कि पुलिस को बेकार बांध में शव मिलने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंचकर शव की पहचान कराई गई। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस घटना की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारण का पता चल सकेगा।

 

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Translate »