झमाझम बारिश ने कहर भी बरपाया, सूबे में ठनका से 15 की मौत
AJ डेस्क: अब तक ’15’। जी हां, बुधवार को झारखण्ड झमाझम बारिश से सराबोर हो गया। इस बारिश ने जहां एक ओर लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत दी तो वहीं दूसरी ओर आकाशीय बिजली ने जमकर मौत का तांडव भी किया। बुधवार को बारिश के दौरान झारखण्ड में हुए वज्रपात से 15 लोगों की असमय मौत हो गई। सबसे भयावह दृश्य धनबाद से सटे जामताड़ा जिले में देखने को मिला जहां ठनका गिरने से एक साथ 5 युवकों की मौत हो गई। इसके अलावा गढ़वा, दुमका, पाकुड़, गिरिडीह और रामगढ़ में वज्रपात से 2-2 लोगों की जान चली गई।
हमारे फेसबुक पेज से जुड़ने के लिए अभी अपने फेसबुक पेज के ऊपर SEARCH में जाकर TYPE करें analjyoti.com और LIKE के बटन को दबाए…
जामताड़ा थाना क्षेत्र के कुसमा पहाड़ी गांव में 5 युवक पास के जोरिया में स्नान कर रहे थे। बारिश भी हो रही थी। इसी दौरान ठनका गिर गया। जिससे पांचों युवकों की मौत हो गयी। मृतकों का नाम रूपलाल हेम्ब्रम, इंद्रसेन हेम्ब्रम, संजय हेम्ब्रम, सुनील हेम्ब्रम और परिमल मरांडी बताया जा रहा है। मृतकों में चार जामताड़ा प्रखंड के कुसमाहापहाड़ी एवं एक करमाटांड प्रखंड के नवायकोल गाँव का रहने वाला बताया जा रहा हैं।
दूसरी घटना रामगढ़ जिले के भदानी नगर ओपी क्षेत्र के चिकोर गांव में की है। जानकारी के अनुसार चिकोर गांव के महुडर टोला में कुछ बच्चे बुधवार की दोपहर क्रिकेट खेल रहे थे। इसी दौरान वहां अचानक बारिश शुरू हो गई। बारिश से बचने के लिए वहां मौजूद कुछ बच्चे कहुआ के पेड़ के नीचे छुप गए। उनके साथ एक वृद्ध भी बारिश से बचने के लिए उनके साथ रुक गया। इसी दौरान कहुआ के पेड़ पर वज्रपात हो गया। इस हादसे में 55 वर्षीय चुरामन महतो और 22 वर्षीय पंकज महतो की मौके पर ही मौत हो गई। इस वज्रपात की चपेट में दो अन्य युवक भी घायल हुए हैं। जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रिम्स रेफर कर दिया गया है।

तीसरी घटना गिरिडीह की है। जानकारी के अनुसार बिरनी थाना क्षेत्र के दो अलग अलग गांव में ठनका गिरने से दो किसान की उसके खेत में ही मौत हो गया। बताया जा रहा है कि मखमरगो पंचायत के गीधाटांड गांव निवासी 28 वर्षीय संतोष पासवान अपने खेत में हल चला रहें थे। तभी ठनका गिरने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं पास के ही केंदुआडीह पंचायत के गांडो गांव निवासी 26 वर्षीय विजय वर्मा भी अपने खेत में काम कर रहें थे। इसी दौरान वज्रपात की चपेट में आने से इनके भी प्राण पखेरू हो गए।
चौथी घटना की अगर बात करें तो पाकुड़ जिले के हिरणपुर व लिट्टीपाड़ा थाना क्षेत्र के दो अलग अलग गाँव में वज्रपात से दो महिलाओं की मौत हो गई। पहली घटना लिट्टीपाड़ा के तालपहाड़ी गाँव की है। जहाँ दोपहर बाद धानरोपनी के लिए खेत जा रही 40 वर्षीय मेनका देवी वज्रपात की चपेट में आ गई। जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। दूसरी घटना हिरणपुर थाना क्षेत्र के छोटा केंदुआ गाँव की है। यहाँ भी खेत में काम करने के दौरान ठनका की चपेट में आकर एक महिला की मौत हो गई है।
पांचवी घटना झारखण्ड की उप राजधानी दुमका की है। जिले के सरैयाहाट के ओराबारी गांव में वज्रपात से दो की मौत हो गई है। मृतक कर्णपुरा गांव के 50 वर्षीय शशी यादव एवं 11 वर्षीय सुनीता कुमारी है। बताया जा रहा है कि दोनों दादा-पोती थी। ये भी अपने खेत में काम कर रहे थे तभी आकाशीय बिजली के चपेट में आने से इनकी मौत हो गई।
छठी घटना की बात करें तो गढ़वा के भंडरिया थाना क्षेत्र स्थित मदगड़ी पंचायत के वार्ड 5 टोला में आज दोपहर हुए वज्रपात से माँ बेटी की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार 34 वर्षीय रूपा देवी व 9 वर्षीय पुत्री पूनम कुमारी घर के बाहर बने गौशाला के निचे खड़े होकर कई दिनों बाद हो रहे बारिश का लुत्फ़ उठा रहे थे। इसी दौरान अचानक वहाँ वज्रपात हो गया जिसमें दोनों माँ-बेटी की मौत हो गई।


Article पसंद आया तो इसे अभी शेयर करें!
