झारखण्ड: RPF जवान ने रेलकर्मी के घर में घुसकर गोली चलाई, 2 महिला समेत तीन की मौत
AJ डेस्क: रेल पुलिस के एक जवान ने आज एक रेल कर्मी के ही घर में घुसकर अपने बंदूक से गोलियों की बौछार कर डाला। इस गोली कांड में अब तक तीन लोगों की जान जा चुकी है जबकि दो इंसान अब भी जिंदगी और मौत के बीच झूल रहे है। मामला झारखण्ड के रामगढ़ जिला का है।


जानकारी के अनुसार बरकाकाना ओपी क्षेत्र स्थित आरपीएफ कॉलोनी निवासी रेलकर्मी अशोक राम के घर में एक आरपीएफ का जवान अपने बंदूक के साथ घुस गया और घर में मौजूद लोगों पर गोलियां दाग मौके से फरार हो गया। इस हमले में रेल कर्मी अशोक राम की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि मृतक की पत्नी समेत चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर जमा हुए लोगों ने घायलों को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया जहाँ मृतक अशोक की पत्नी ने भी दम तोड़ दिया।


इसके बाद चिकित्सकों ने बाकी तीनों घायलों को बेहतर इलाज के लिए रांची स्थित रिम्स रेफर कर दिया। जहाँ एक और घायल की मौत हो गई। जबकि दो घायलों की अब भी स्थिती गंभीर बनी हुई है। वहीं अब तक इस वारदात के कारणों पर से पर्दा नहीं उठ सका है। आरोपी जवान अब भी फरार चल रहा है। फिलहाल मौके पर पहुंची पुलिस मामले की जाँच में जुटी है।


हमारे फेसबुक पेज से जुड़ने के लिए अभी अपने फेसबुक पेज के ऊपर SEARCH में जाकर TYPE करें analjyoti.com और LIKE के बटन को दबाए…


Article पसंद आया तो इसे अभी शेयर करें!
