लातेहार: बालूमाथ थाना के हाजत से PLFI का कुख्यात नक्सली कृष्णा फरार
AJ डेस्क: लातेहार के बालूमाथ थाना हाजत से मंगलवार को पीएलएफआई का उग्रवादी कृष्णा यादव उर्फ सुल्तानजी फरार हो गया। पुलिस ने उसे पूछताछ के लिए रिमांड पर लेकर बालूमाथ थाना लाई थी। मंगलवार की सुबह शौच का बहाना बनाकर वह हाजत से बाहर निकला और पुलिस को चकमा देकर वहाँ से फरार हो गया । पलामू डीआईजी आरके लकड़ा ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस फरार उग्रवादी की गिरफ्तारी के लिए सघन छापामारी अभियान चला रही है।
जानकारी के अनुसार उग्रवादी कृष्णा यादव उर्फ सुल्तानजी लातेहार और रांची जिला के अलावा आसपास के अन्य जिलों में भारी आतंक मचाए हुए था। कुछ दिन पहले रांची पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया था और जेल भेज दिया था। लातेहार जिले में कृष्णा यादव के द्वारा की गई उग्रवादी घटनाओं की जांच के लिए लातेहार पुलिस ने उसे रिमांड पर लिया था। पूछताछ के लिए उग्रवादी को बालूमाथ थाना में रखा गया था। मंगलवार को उसे फिर से जेल भेजा जाना था, लेकिन इससे पहले ही उग्रवादी पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया।
इधर उग्रवादी कृष्णा यादव के फरार होने की सूचना के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया है। पुलिस की टीम फरार उग्रवादी की गिरफ्तारी के लिए सघन छापामारी अभियान चला रही है। बालूमाथ थाना क्षेत्र के पूरे इलाके को सील कर दिया गया है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही कृष्णा यादव फिर से पुलिस के गिरफ्त में होगा।
सबजोनल कमांडर कृष्णा यादव उर्फ सुल्तानजी 29 मामलों में वांटेड था। कृष्णा यादव ने चतरा जिले के पिपरवार में बीते 18 अक्टूबर 2020 की रात वाहनों में आगजनी की घटना को अंजाम दिया था। इससे पहले कृष्णा यादव ने अपने दस्ते के साथ बीते 23 अगस्त 2020 को पिपरवार स्थित कांटाघर को बम से उड़ा दिया था। इसके खिलाफ, रांची के चान्हो, बुढ़मू, चंदवा, पीपरवार, पतरातू, कुड़ू, खलारी, बालुमाथ सहित अलग-अलग थानों में कुल 29 मामले दर्ज हैं।
‘अनल ज्योति’ के फेसबुक पेज से जुड़ने के लिए अभी इस लिंक पर क्लिक करके लाइक👍 का बटन दबाए…
https://www.facebook.com/analjyoti.in/?ti=as
Article पसंद आया तो इसे अभी शेयर करें…
