इंसानियत : रेलवे अधिकारियों ने किया नेक काम, ट्रैन में भूख से तड़प रहे बच्चे को दिया दूध
AJ डेस्क: बात छोटी है पर इंसानियत से भरी है। वैसे तो भारतीय रेल व्यवस्थाओं की कमी को लेकर हमेशा ही बदनाम रहा है लेकिन रेल विभाग अपने अच्छे कार्यों के लिए भी जाना जाता रहा है। इसी कड़ी में एक बार फिर से रेल विभाग ने मानवता का परिचय दिया है। दरअसल एक अबोध बच्चा जो चलती ट्रेन में भूख से तड़प रहा था लेकिन उसके माता-पिता उसके लिए दूध का इंतजाम कर पाने में असमर्थ थे। लेकिन इसकी सूचना जैसे ही धनबाद रेल मंडल के अधिकारियों को मिली वैसे ही अधिकारियों द्वारा धनबाद स्टेशन पर ट्रेन के पहुंचने के पहले ही रात के करीब 12 बजे दूध का इंतजाम किया गया।
वाक्या सोमवार की देर रात 12 बजकर 10 मिनट की है। ट्रेन संख्या 03010 योग नगरी ऋषिकेश-हावड़ा स्पेशल ट्रेन में यात्रा कर रहे एक दंपती ने दूध की जरूरत होने की सूचना रेलवे के अधिकारी को दी। इसके बाद उप स्टेशन प्रबंधक पीके राम को सूचना मिलते ही वह दूध उपलब्ध कराने के उपाय में जुट गए। लॉकडाउन के कारण दूध उपलब्ध होने में कठिनाई हो रही थी। सीआईटी एडमिन विकास कुमार ने तत्परता दिखाई और दूध का इंतजाम करने में जुट गए। कड़ी मशक्कत के बाद आखिरकार दूध का इंतजाम किया गया।
ट्रेन पहुंचने के पहले धनबाद स्टेशन पर अधिकारी दूध लेकर खड़े थे। ट्रेन जैसे ही प्लेटफॉर्म पर पहुंची दोनों अधिकारियों ने दंपती को दूध उपलब्ध कराया। इस मानवता भरे काम के लिए बच्चे के माता-पिता ने उन दोनों अधिकारियों का तहे दिल से शुक्रिया अदा किया। महामारी के इस कठिन घड़ी में आधी रात को जरूरतमंद की मदद कर रेल विभाग ने सही मायने में अपने कर्तव्य का निर्वहन किया।
‘अनल ज्योति’ के फेसबुक पेज से जुड़ने के लिए अभी इस लिंक पर क्लिक करके लाइक👍 का बटन दबाए…
https://www.facebook.com/analjyoti.in/?ti=as
Article पसंद आया तो इसे अभी शेयर करें…
