बेटे की हैवानियत : पिता का होंठ सिल रेलवे ट्रैक पर बांध दिया
AJ डेस्क: पलामू के ऊंटारी रोड थाना क्षेत्र में संपत्ति विवाद में एक कलयुगी बेटे की हैवानियत देखने को मिली है। थाना क्षेत्र के भीतिहारा गांव के मंझलीघाट टोला निवासी भोला राम (65) के होंठ सिलकर बीती रात रेलवे ट्रैक पर पेट के बल सुला बांधा दिया गया। अहले सुबह ग्रामीणों की सूचना पर ट्रैक से उठाकर पुलिस उसे थाने ले आई है। जिसके बाद उसे अस्पताल पहुंचाया गया।
भोला राम ने अपने सौतेले बेटे पर होंठ सिलने और रेलवे ट्रैक पर बांधने का आरोप लगाया है। भोला राम ने पुलिस को बताया कि बीती रात वह शौच के लिए उठा। उसी दौरान कुछ लोगों ने उसे पकड़ लिया। बाद में उसकी दूसरी पत्नी सविता देवी का पहला बेटा (जो भोला से शादी से पहले जन्म लिया था) ने अन्य दो लोगों के साथ मिलकर उसके साथ मारपीट की। इसके बाद उसका मुंह सिलकर रात करीब 11 बजे रस्सी से हाथ-पांव रेल पटरी से बांधकर लाइन के बीचो बीच छोड़ दिया।
सुबह करीब पांच बजे शौच के लिए जा रहे एक व्यक्ति ने देखा कि ट्रैक के बीच पड़ा एक आदमी कराह रहा है। नजदीक जाने पर भोला ने इशारा करते हुए जान बचाने की गुहार लगाई। इसके बाद उस व्यक्ति ने हाथ-पांव में बंधी रस्सी को पत्थर से काटकर अलग किया। इतने में कई लोग मौके पर जमा हो गए। ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस भी पहुंची और भोला को एक निजी क्लिनिक में पहुंचाया गया। जहां भोला राम के मुंह के धागे को काटा गया।

रातभर ट्रैक पर पड़ा रहा, ऊपर से गुजरती रही ट्रेन-
भोला ने पुलिस को बताया कि हाथ-पैर बंधे होने के कारण वह रातभर ट्रैक के बीच में पड़ा रहा। उस दौरान कई मालगाड़ी ऊपर से गुजरी। हालांकि उसके शरीर पर कोई चोट नहीं आई। पुलिस हर बिंदु पर तहकीकात कर रही है।
‘अनल ज्योति’ के फेसबुक पेज से जुड़ने के लिए अभी इस लिंक पर क्लिक करके लाइक👍 का बटन दबाए…
https://www.facebook.com/analjyoti.in/?ti=as
Article पसंद आया तो इसे अभी शेयर करें…
