नक्सलियों ने एक ही परिवार के चार सदस्यों की हत्या कर शव फंदे से लटकाया

AJ डेस्क: बिहार के गया में नक्सलियों ने शनिवार देर रात एक बड़ी वारदात को अंजाम दिया है। यहां एक परिवार के चार सदस्यों की घर में घुसकर हत्या कर दी। मृतकों में दो भाई और उनकी पत्नियां हैं। इसके बाद चारों के शवों को घर के बाहर फंदे पर लटका दिया और फिर घर को बम से उड़ा दिया। वारदात के बाद नक्सलियों ने घर के बाहर एक पर्चा भी चिपकाया है। इसमें बदला लेने के लिए इस परिवार के सदस्यों की हत्या की बात कही गई है। SSP आदित्य कुमार ने घटना की पुष्टि की है। गया में कल यानी 15 नवंबर को चुनाव भी होना है। ऐसे में नक्सलियों की इस वारदात के बाद सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ गई है।

 

 

पुलिस के मुताबिक, डुमरिया के मोनबार जंगल से सटे इलाके में सरयू सिंह भोक्ता परिवार के साथ रहते हैं। उनके परिवार में दो बेटे और उनकी पत्नियां थीं। शनिवार की देर रात नक्सली ने घर पर धावा बोल दिया। सरयू सिंह भोक्ता के दोनों बेटे सतेंद्र और महेंद्र और उनकी पत्नी मनोरमा देवी और सुनीता की हत्या कर दी। इसके बाद चारों शव को फंदे पर लटकाया। बम से घर भी उड़ा दिया। इस वारदात को कितने नक्सलियों ने अंजाम दिया और वारदात के वक्त घर में कौन-कौन था, इस बारे में अब तक कुछ पता नहीं चल पाया है।

 

 

घटनास्थल से जाते वक्त नक्सलियों ने घर के बाहर एक पर्चा चिपका दिया। इसमें लिखा है, “इंसानियत के हत्यारे, गद्दारों और विश्वासघातियों को सजा-ए-मौत देने के अलावा कोई और विकल्प नहीं है। ये हमारे चार साथियों अमरेश, सीता, शिवपूजन और उदय की हत्या का बदला है। षड्यंत्र के तहत 4 नक्सली को पूर्व में जहरखुरानी करके मरवाया गया था। वे एनकाउंटर में नहीं मारे गए थे। विश्वासघात के आरोप में 4 लोगों को सूली पर चढ़ा दिया। गद्दारों व विश्वासघातियों को ऐसी ही सजा दी जाएगी। अमरेश कुमार, सीता कुमार, शिवपूजन कुमार और उदय कुमार की शहादत का बदला लिया गया है।”

 

 

फिलहाल पुलिस सूचना पाते ही घटनास्थल पहुंच मामले की जांच शुरू कर चुकी है। पर्चा जन मुक्ति छापाकार सेना, मध्य जोन झारखंड, भाकपा (माओवादी) के नाम से लगाया गया है। घटना के बाद से पूरे इलाके में दहशत है। इधर, इधर, SSP आदित्य कुमार ने कहा कि घटना देर रात की है।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Translate »