भागलपुर में जोरदार विस्फोट, चार घर जमींदोज, दस की मौत, पांच शव बरामद

AJ डेस्क: बिहार में भागलपुर शहर के काजवली चक इलाके में गुरुवार रात करीब 11.30 बजे बम विस्फोट में 10 लोगों की मौत हो गई। सुबह नौ बजे के बाद एक बच्चे समेत तीन लोगों के शव निकाले गए। मलबे में अभी भी कई लोग दबे हुए हैं, जिनका रेस्क्यू किया जा रहा है। विस्फोट में 11 लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं।

 

 

विस्फोट इतना जोरदार था कि आसपास के 4 घर जमींदोज हो गए। विस्फोट से करीब 5 किमी का इलाका दहल उठा। ब्लास्ट नवीन मंडल और गणेश मंडल के घर के बीच हुआ है। विस्फोट किसके घर में हुआ है, यह अभी साफ नहीं हो पाया है। कुछ लोग आजाद बता रहे हैं, कुछ लोग नवीन और गणेश का नाम ले रहे हैं।

 

 

इस इलाके में शादी के लिए पटाखे बनाने का काम किया जाता था। आशंका ये भी जताई जा रही है कि घर में रखे पटाखों में ब्लास्ट हुआ है। कुछ दिनों पहले IB ने भी भागलपुर पुलिस को अलर्ट किया था। धमाके की चपेट में कई घर आए हैं, इसलिए ये मामला संदिग्ध भी लग रहा है। पुलिस बम ब्लास्ट के एंगल से भी इसकी जांच कर रही है।

 

 

 

 

 

घायलों का इलाज भागलपुर के मायागंज अस्पताल में चल रहा है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अफसर घटनास्थल पर पहुंच गए। जमींदोज हुए मकानों के मलबे को हटाने का काम चल रहा है। विस्फोट के दौरान मौजूद पड़ोसी निर्मल साह उर्फ लड्डू ने बताया कि परिवार के सभी सदस्य खाना खाकर घर में सो रहे थे। वह भी घर के बाहर बैठे थे तभी तेज धमाका हुआ।

 

 

धमाका होने के बाद घर में जैसे ही लोग देखने के लिए अंदर घुसे घर गिरना शुरू हो गया। परिवार के सभी सदस्य मलबे में दब चुके थे। घटनास्थल पर बहुत धुंआ हो जाने से कुछ दिखाई नहीं दे रहा था। किसी तरह कुछ लोगों को ई-रिक्शे से ले जाकर मायागंज अस्पताल में भर्ती कराया। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत है।

 

 

 

 

 

काजवली चक में बम ब्लास्ट से कई घरों को भी नुकसान पहुंचा है। किसी की छत गिर गई है। किसी की खिड़की में लगा शीशा टूट गया है। वहीं, स्थानीय रमेश कुमार ने बताया कि इतनी जोरदार आवाज के साथ ब्लास्ट हुआ कि पहले कभी भी इतनी जोर से आवाज नहीं हुआ था। ब्लास्ट होने के बाद सड़कों पर पूरी तरह से बारूद का धुआं भर गया।

 

 

स्थानीय लोगों के मुताबिक शब-ए-बारात के लिए घर में बम बनाया जा रहा था, जिसको लेकर ये ब्लास्ट हुआ है। घायल निर्मल ने भी इसकी पुष्टि की है। DIG सुजीत कुमार का कहना है कि FSL की टीम जांच कर रही है इसके बाद ही स्पष्ट हो पाएगा कि यह किस तरह का विस्फोट था।

 

 

SSP बाबूराम ने रात की घटना पर अपडेट किया है। उन्होंने बताया कि अभी तक 5 लोगों की डेड बॉडी मिल चुकी है। घटना में घायल 11 लोगों का इलाज जारी है। घटना का कारण सम्भवतः पटाखा मटेरिल में विस्फोट है। अभी तक जो जानकारी मिली है कि पीड़ित परिवारों में से एक परिवार पटाखा बनाने का काम करता था। जिसके घर मे पहले भी विस्फोट की घटना हो चुकी है। उसी के घर मे विस्फोटक पदार्थ में विस्फोट हुआ प्रतीत होता है। बम डिस्पोजल टीम और FSL की टीम के निरीक्षण के बाद स्थिति कुछ ओर स्पष्ट हो सकेगी।

 

 

 

 

 

 

बता दें कि हाल ही में भागलपुर के दो शख्स को विस्फोटक समान के साथ कोलकाता पुलिस ने गिरफ्तार किया था। इसको लेकर भागलपुर में कई जगह पर निशानदेही पर छापेमारी की गई थी। सूत्रों के मुताबिक IB की टीम ने भागलपुर पुलिस को अलर्ट किया था। कुछ दिनों पहले ही भागलपुर के नाथनगर रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या दो पर डेटोनेटर बम बरामद किया गया था। इसके बाद नाथनगर रेलवे स्टेशन के करीब रेलवे ट्रैक किनारे जोरदार बम ब्लास्ट में एक व्यक्ति की मौत हुई थी।

 

 

 

 

 

 

भागलपुर के DM सुब्रत कुमार ने कहा कि सभी अधिकारी जांच कर रहे हैं। घटना को लेकर बताया कि अभी रेस्क्यू चल रहा है। इससे पहले भागलपुर के काजवली चक, बबरबगंज, हबीबपुर, बरारी आसानंदपुर समेत कई इलाकों में बम विस्फोट की घटना घट चुकी है।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Translate »