कांग्रेस की दिल्ली में बैठक, झारखंड में सियासी तापमान बढ़ा, अटकलों का बाजार गर्म

अरुण कुमार तिवारी…

 

AJ डेस्क: सियासी हलचल तेज। राजनीतिक तापमान बढ़ा। अटकलों का बाजार गर्म। झारखंड के दो दर्जन से अधिक कांग्रेसियों की दिल्ली बुलाहट क्या हुई कि राजनैतिक गलियारे में सभी अपने अपने अनुसार अटकल लगाना शुरू कर दिए हैं। बैचेनी तो कांग्रेसियों में भी है। नेता वह भले किसी पार्टी के हों, उनकी नजर दिल्ली पर है ही, अधिकारियों की निगाह भी दिल्ली में आहूत कांग्रेसियों की बैठक पर है।

 

 

झारखंड के राजनैतिक गलियारे में सब कुछ ठीक नहीं ही चल रहा है। राजनीति के जानकार कह रहे हैं कि पांच राज्यों के चुनाव को लेकर झारखंड का मसला ठंडे बस्ते में था। पांच राज्यों का चुनाव संपन्न हो गया, उसके बाद अब झारखंड में लंबे अर्से से भीतर ही भीतर पक रही खिचड़ी उबाल लेने लगी है। सत्ता के गलियारे में उथल पुथल मचा हुआ है तो सत्ता से बाहर बैठे नेता भी कोई चुप्पी मारकर नही बैठे हैं। वह भी गर्म लोहा पर चोट देकर अपना काम साधने की जुगत में लग गए हैं।

 

झारखंड कांग्रेस नेताओं की प्रदेश प्रभारी अविनाश पांडेय के साथ दिल्ली में बैठक आज-

झारखंड में सियासी हलचल थमने का नाम नहीं ले रहा है। झारखंड कांग्रेस के 25 नेताओं की आज पार्टी के प्रदेश प्रभारी अविनाश पांडे के साथ बैठक है, जिसके लिए सबको दिल्ली बुलाया गया है। बात करें झारखंड सरकार की तो झामुमो सरकार के अंदर भी मामला कुछ ठीक नहीं चल रहा है। राज्य के प्रभारी महासचिव अविनाश पांडेय के झारखंड दौरे के बाद दिल्ली में यह बैठक होने जा रही है। झारखंड में कांग्रेस और जेएमएम के बीच चल रहे सियासी घमासान के बीच इस बैठक में कुछ अहम मसलों पर चर्चा होगी।

 

 

इन मुद्दों पर होगी चर्चा-

कांग्रेस की झारखंड इकाई के द्वारा जानकारी दी कि इस बैठक में सरकार में शामिल कांग्रेस के मंत्री, वरिष्ठ विधायक, प्रदेश अध्यक्ष, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष और सहयोगी संगठन के पूर्व अध्यक्ष शामिल होंगे। इसमें वर्तमान राजनीतिक हालात पर चर्चा होगी। मंत्रियों के कामकाज को लेकर भी चर्चा की जायेगी। इसके साथ ही पार्टी अपने विधायकों और प्रदेश के नेताओं की नाराजगी भी दूर करने का प्रयास करेगी। मिली जानकारी के अनुसार, संगठन और सरकार को लेकर पार्टी नेताओं की बयानबाजी पर भी चर्चा होगी।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Translate »