लोयाबाद के घूसखोर दारोगा को ACB ने रिश्वत लेते दबोचा
AJ डेस्क: धनबाद एसीबी की जाल में आज लोयाबाद थाना का घूसखोर सब इंस्पेक्टर फंस गया। एसीबी ने एसआई को 15 हजार रुपये घूस लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार दारोगा एक केस की डायरी लिखने के एवज में घूस ले रहा था। गिरफ्तार एसआई का नाम नीलेश कुमार सिंह बताया जा रहा है।
एसीबी की इस कार्रवाई के बारे में बताया जा रहा है कि कांड संख्या 22/22 काउंटर केस में डायरी लिखने के लिए लोयाबाद थाना के एसआई नीलेश कुमार सिंह शिकायत कर्ता सुदेश चौहान से 50 हजार रुपये की मांग कर रहा था। जिसकी शिकायत सुदेश चौहान ने धनबाद एसीबी से की। इसके बाद एसीबी ने घूसखोर दारोगा को रंगे हाथों पकड़ने के लिए जाल बिछाया। सोमवार को घूस की पहली किस्त 15 हजार रुपये की बात तय हुई। आज जैसे तय जगह पर (धनबाद कोर्ट) शिकायत कर्ता सुदेश चौहान ने एसआई नीलेश सिंह को 15 हजार रुपये घूस दिया, वैसे ही वहाँ पहले से मौजूद एसीबी टीम ने उन्हें घूस की रकम के साथ दबोच लिया और अपने साथ ले गई।
वहीं गिरफ्तार एसआई नीलेश कुमार सिंह अपने आप को निर्दोष बताता रहा। उसका कहना था कि शिकायत कर्ता के बेटे को कुछ दिन पूर्व एक मामले में उसने जेल भेजा था, यह उसी का बदला लिया गया है। उन्होंने किसी तरह की कोई मांग नही की थी।
