AK 47 बरामदगी मामले में बाहुबली विधायक अनंत सिंह दोषी करार

AJ डेस्क: 34 महीने से पटना के बेऊर जेल में बंद मोकामा के बाहुबली विधायक अनंत सिंह को कोर्ट ने दोषी करार दिया है। 21 जून को उनकी सजा पर सुनवाई होगी। उनके घर से AK-47 की बरामदगी हुई थी। मामला बाढ़ के लदमा गांव में स्थित उनके पुश्तैनी घर से हथियार और गोली मिलने का है। स्पेशल जज त्रिलोकी दुबे की कोर्ट ने ये फैसला सुनाया है। फैसले के वक्त वो कोर्ट रूम में ही मौजूद रहे।

 

 

16 अगस्त 2019 को पटना पुलिस की टीम ने बाहुबली विधायक अनंत सिंह के लदमा गांव स्थित घर पर छापेमारी की थी। करीब 11 घंटे तक चले सर्च ऑपरेशन में विधायक के घर से पुलिस ने एक AK-47, 2 हैंड ग्रेनेड, 26 राउंड गोली और एक मैगजीन बरामद किया था। उस वक्त सिंह मोकामा से निर्दलीय विधायक थे। पुलिस की तरफ से इस कार्रवाई को उस दरम्यान बाढ़ की ASP रही लिपि सिंह ने किया था। इस मामले में विधायक के घर के केयर टेकर को पुलिस ने गिरफ्तार किया था।

 

 

बतौर ASP लिपि सिंह ने उस वक्त दावा किया था कि बाढ़ में अनंत सिंह के घर से बड़े पैमाने पर हथियार की तस्करी करने की सूचना मिली थी। इसके बाद इसकी जानकारी पटना की SSP गरिमा मलिक को दी। फिर तात्कालीन DGP गुप्तेश्वर पांडेय को भी पूरे मामले से अवगत कराया गया था। इसके बाद पूरे ऑपरेशन को फुलप्रूफ तरीके से अंजाम दिया गया। बाढ़ SDM के आदेश पर बाढ़ के ही BDO को छापेमारी के लिए बतौर मजिस्ट्रेट प्रतिनियुक्त किया गया था। इसके बाद उस वक्त के पटना के ग्रामीण SP कान्तेश कुमार मिश्रा भी बाढ़ पहुंचे थे। फिर ग्रामीण SP और ASP लिपि सिंह की टीम पूरे पुलिस फोर्स के साथ करीब 4 बजे सुबह ही लदमा गांव स्थित सिंह के घर पहुंच गई थी। उस वक्त पुलिस ने छापेमारी की वीडियोग्राफी कराने का भी दावा किया था। बाहुबली विधायक के घर से हथियार, गोली और हैंड ग्रेनेड मिलने के मामले में बाढ़ थाने में (FIR नंबर 389/19) पुलिस ने अपने ही बयान पर दर्ज किया था।

 

 

उस वक्त विधायक पटना में सरकारी आवास पर थे। मगर, जब पुलिस ने उनकी तलाश शुरू की तो वो पटना छोड़कर फरार हो गए थे। 23 अगस्त 2019 को उन्होंने दिल्ली के साकेत कोर्ट में सरेंडर किया था। इसके बाद उसी दिन शाम को पटना से IPS लिपि सिंह की टीम दिल्ली गई थी। फिर 24 अगस्त को ट्रांजिट रिमांड मिला और 25 अगस्त को उनको बाढ़ कोर्ट में पेश किया गया था। तब से इस केस में लगातार पटना के MP-MLA कोर्ट में ट्रायल चल रहा था। अब इस केस में फैसले की घड़ी आ गई है।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Translate »